रूसी सेना के कब्जे के बाद चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट में रेडिएशन लेवल बढ़ा, हजारों लोगों की जान को खतरा

नई दिल्ली. यूक्रेन पर रूस के हमले शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन जारी है। राजधानी कीव में सुबह 7 बजे धमाके हुए। लोग रातभर घरों, सब वे और अंडरग्राउंड शेल्टर में छिपे रहे। खाने-पीने से लेकर रोजाना की जरूरत की चीजों की कमी हो रही है।

यूक्रेन के चेर्नोबिल न्यूक्लियर पावर प्लांट के पास गुरुवार रात रूसी सेना ने हमले किए। यहां कई धमाके भी हुए। इसके चलते इस एटमी प्लांट में रेडिएशन लेवल बढ़ गया है। यूक्रेन की न्यूक्लियर एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है। इस इलाके में रहने वाले हजारों लोगों को रेडिएशन लेवल बढ़ने से जान का खतरा पैदा हो गया। उन्हें सेहत संबंधी दिक्कतें भी हो सकती हैं। इस बीच यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने नागरिकों से कहा है कि वे रूसी सेना के मूवमेंट के बारे में जानकारी देते रहें। इसके साथ ही उन पर पेट्रोल बम फेंकें।

जंग के अहम अपडेट्स
ब्रिटेन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तौर पर रूस ने वहां के सभी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है।
रूस-यूक्रेन जंग पर तालिबान ने कहा है कि दोनों देश शांति से मसले को हल करें।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि जो देश यूक्रेन पर युद्ध का समर्थन करेंगे, उनके हाथों पर भी खून लगेगा।
पश्चिमी यूक्रेन के लीव शहर में हवाई हमले का सायरन सुनाई दिया है। इसके बाद यहां की मेयर ने लोगों को घरों से बाहर न निकलने को कहा है।
रूसी हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं, वहीं 316 घायल हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि दुनिया ने हमें जंग में लड़ने के लिए अकेला छोड़ दिया है।
अमेरिका ने ऐलान किया कि वह यूरोप में 7000 एक्स्ट्रा फोर्सेज की तैनाती कर रहा है।
अमेरिका ने वॉशिंगटन में रूसी एम्बेसी में तैनात हाई लेवल डिप्लोमैट को अपने देश से निकाल दिया है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को फोन किया। इससे पहले भारत, पाकिस्तान और ईरान के राष्ट्राध्यक्ष पुतिन से बात कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *