ग्वालियर में चौथी लाइन के लिए सर्वे का काम पूरा

ग्वालियर. धौलपुर-ग्वालियर-झांसी से बीना के बीच 321 किलोमीटर लंबाई में चौथी रेल लाइन पर सर्वे का काम पूरा हो गया है, लेकिन बजट की कमी के कारण अभी इस लाइन पर काम शुरू नहीं हो पाएगा। सर्वे के बाद इस लाइन की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाएगी। तैयार होने के बाद इसे प्रयागराज स्थित जोनल मुख्यालय भेजा जाएगा। वहां से अनुमति मिलने के बाद इस लाइन का कार्य शुरू किया जाएगा। हालिया रेल बजट में इस लाइन के लिए सिर्फ 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

दिल्ली-मुंबई मुख्य ट्रैक पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए धौलपुर से बीना के बीच 4869.95 करोड़ रुपये की लागत से चौथी रेल लाइन बिछाई जाएगी। दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर बढ़ते यातायात को देखते हुए धौलपुर, झांसी व बीना के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। वर्ष 2021 के रेल बजट में इस सेक्शन के बीच चौथी रेल लाइन के सर्वे को मंजूरी मिली थी। चौथी लाइन का काम तीन चरण में पूरा किया जाना है। पहले चरण में मथुरा से धौलपुर के बीच 107 किलोमीटर लंबा चौथा ट्रैक 2949.95 करोड़ रुपए की लागत बिछाया जाएगा। दूसरे चरण में झांसी मंडल के धौलपुर-झांसी-बीना के बीच 321.80 किलोमीटर का ट्रैक 4869 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। चौथी रेल लाइन कार्य पूरा हो जाएगा, तो मालगाड़ी और सवारी गाड़ी दोनों का संचालन अलग-अलग ट्रैक पर एक साथ एक ही दिशा में हो सकेगा। इससे मालगाड़ी को क्रासिंग के लिए खड़ा नहीं करना पड़ेगा। अभी दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर ग्वालियर-झांसी और भोपाल तक ट्रेन का ट्रैफिक अधिक है। इसके अलावा इस मार्ग पर गुड्स ट्रेन का संचालन भी व्यापक है। जब चौथा ट्रैक तैयार हो जाएगा, तो ट्रैफिक को तीसरी और चौथी रेल लाइन पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। हालांकि प्राेजेक्ट में बजट की कमी जरूर आड़े आ सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *