महिला चोर ने ई-रिक्शा में बैठे पति-पत्नी की गायब की ज्वेलरी, मौके से साथी को भगाया

ग्वालियर. ई-रिक्शा में बैठे दम्पत्ति के बैग से सोने की ज्वेलरी एक संदेही महिला ने गायब कर दिये। घटना माधोगंज के रॉक्सीपुल के पास की है। घटना का पता चलते ही दम्पत्ति ने शोर मचाया तो संदेही महिला ने दौड़ लगा दी। लेकिन वहां से निकल रहे पुलिस कर्मियों ने व अन्य लोगों ने महिला को पकड़ लिया। पकड़े जाने से पूर्व संदेही महिला ने ज्वेलरी अपने साथी को देकर मौके से भगा दिया। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी और साथ ही उसके साथ की जानकारी जुटा रही है।

क्या है पूरा मामला

दतिया निवासी सचिन पुत्र संतोष साहू निजी कंपनी में जॉब करते हैं। वह अपने साले के रिसेप्शन समारोह में शामिल होने के लिए दतिया से नेहरू पेट्रोल पंप आ रहे थे। बस से कंपू उतरने के बाद पद्मा विद्यालय के सामने से वह पत्नी चंद्रकांता के साथ ई-रिक्शा में सवार हुए। पीछे महिला व दो छात्राएं बैठी होने पर वह चालक की सीट पर पास में आकर बैठ गए। पीछे चंद्रकांता और उनका बेटा बैठे हुए थे। बेटा रोने लगा तो चंद्रकांता उसे संभालने में लग गई। इसी बीच पास बैठी महिला ने उनके बैग की चेन खोलकर उसमें रखा सोने का हार व अंगूठी व अन्य गहने पार कर दिए। जब तक चंद्रकांता की समझ में कुछ आता महिला ई-रिक्शा से उतर गई। इसी समय शंका होने पर चंद्रकांता ने बैग टटोला तो पता चला कि उसमें से जेवर गायब हैं। तत्काल उसने शोर मचाया तो महिला भागने लगी। जिस पर सचिन व चंद्रकांता ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया तो पास ही मौजूद पुलिसकर्मी तथा अन्य लोगों ने महिला को पकड़ लिया।
गहने देकर भगाया साथी को
सचिन साहू ने बताया कि पकड़े जाने से पहले महिला चोर ने ज्वेलरी अपने साथी को देकर मौके से भगा दिया। जो मोटरसाईकिल से उनका पीछा कर रहा था। पुलिस ने पकड़ी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला के बारे में पता चला है कि वह श्योपुर की रहने वाली गुड्डी है। उसके साथ एक महिला और पुरूष और थे। पुलिस पकड़ी गयी महिला से गहने और उसके साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस का कहना
इस मामले में थाना प्रभारी माधौगंज महेश शर्मा का कहना है कि एक महिला के बैग से जेवर चोरी हुए हैं, मामला दर्ज कर लिया है और एक संदेही महिला को पकड़ा है, जिससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *