चंडीगढ़ में गुरुवार तक नहीं आएगी बिजली:अस्पतालों में सर्जरी टलीं, घरों में पानी नहीं, आर्मी बुलानी पड़ी
चंडीगढ़. सोमवार रात से बिजली संकट जारी है, जानकारी के अनुसार गुरूवार तक बिजली मिलने की उम्मीद नहीं है। स्थिति ये है कि इनवर्टर और मोबाइल भी अब डिस्चार्ज हो चुके है जिससे लोग परेशान है। हालात इतने खराब है कि अस्पतालों ने ऑपरेशन टाल दिए है। निजीकरण के विरोध में हड़ताल कर रहे कर्मचारी फाल्ट सुधारने तैयार नहीं है। ऐसे में हालात से निपटने के लिए प्रशासन ने सेना बुलाई है। वहीं पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने इस समस्या का संज्ञान लिया और आज बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर को पेश होने के लिए कहा है।
आधे से ज्यादा शहर अंधेरे में
चंडीगढ़ में बिजली कर्मचारियों की हडताल से बिजली सेवाएं ठप है जिस वजह से सरकारी अस्पतालों में सर्जरियां टाली जा चुकी है। वहीं पीजीआई भी अलर्ट मोड पर चला गया है ताकि कोई इमरजेंसी के हालात पैदा न हों। इसके बावजूद अभी तक शहर के हालात नहीं सुधरे है। आधे से ज्यादा शहर अंधेरे में है और लोगों के मोबाइल, लैपटॉप, फ्रिज, टीवी, इनर्वटर आदि सब बंद पड़े है। दुकानों में भी लोगों के काम प्रभावित हो रहे है। अगर दो दिन और ऐसे हालात झेलने पड़े तो दिक्कत हो जाएगी।
निजीकरण के विरोध में हड़ताल
बिजली विभाग के निजीकरण का बिजली कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। केंद्र शासित प्रदेश के सलाहकार धर्मपाल ने बिजली कर्मचारी संघ के साथ बैठक कर हड़ताल खत्म करने के लिए राजी किया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को डर है कि निजीकरण से उनकी सेवा शर्तों में बदलाव आएगा और बिजली दरों में बढ़ोतरी होगी।
कर्मचारी मांगों पर अडिग
कर्मचारियों की यूनियन अपनी मांग पर अडिग है। वह विभाग का निजीकरण नहीं चाहते। इससे पहले मंगलवार को परेड ग्रांउड सेक्टर 17 के सामने पॉवरमैन यूनियन के प्रदर्शन में कांग्रेस और AAP के नेताओं ने आकर इसे बड़ा रूप दे दिया था। प्रशासन और कर्मचारियों की इस लड़ाई में नियमित रुप से बिजली के बिलों का भुगतान करने वाले शहरवासियों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।
