ग्वालियर रेलवे स्टेशन अब एयरपोर्ट की तर्ज पर चमकेगा इसके लिए बीच में आ रहे 213 पेड़ कटेंगे
ग्वालियर. ग्वालियर रेलवे स्टेशन का भी स्वरूप बदलने जा रहा है, इसके लिए रेलवे ने नगर निगम को पत्र लिखकर रेलवे स्टेशन के र्स्कुलेटिंग एरिया में लगे 213 पेड़ों को काटने की अनुमति मांगी गई है साथ ही इन पेड़ों के काटने के बदले रेलवे ने शहर के किसी भी स्थान पर 594 नए पौधे लगाए जाने की बात कही है। हालांकि निगम ने इसकी अनुमति दे दी है लेकिन 213 पेडों के बदले 10 गुना पेड़ लगाने को कहा गया है।
इससे पहले रेलवे ने पूर्व में निगम से सीवर और पानी की एनओसी मांगी थी जिसे निगम ने दे दिया। ग्वालियर रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी की जा रही है और इसके लिए 400 करोड़ रुपए से अधिक खर्च भी किए जाएंगे। रेलवे स्टेशन के स्वरूप बदलने को लेकर करीब 6 प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे और डेवलपमेंट करने का काम पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर किया जाएगा। इसके लिए बीते दिनों रेलवे का डिजाइन भी तय किया जा चुका है और यह प्रोजेक्ट 2024 तक पूरा किए जाने की समय सीमा निर्धारित की गई है।
अभी लग सकता है तीन महीने का समय
निगम के अधिकारी ने बताया कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन के लिए प्रोजेक्ट का स्टीमेट बनाकर बीते दिनों झांसी रेल मंडल को भेजा गया है। झांसी रेल मंडल उसे अनुमति देते हुए रेलवे मुख्यालय भेजेगा और वहां से अनुमति मिलने के बाद रेलवे स्टेशन के स्वरूप बदलने के लिए टेंडर की प्रक्रिया की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में करीब तीन महीने का समय लग सकता है।
