ग्वालियर में बुलट के लिए पत्नी को छत से फेंका, महिला की मौत
ग्वालियर. एक महिला संदिग्ध हालात में छत से नीचे गिरी जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां रात को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता का आरोप है कि बुलट की मांग पूरी करने पर दामाद ने बेटी को नीचे फेंक दिया। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। 6 महीने पहले ही उसने बेटे को जन्म दिया था। घटना से पहले ही महिला ने पिता को फोन कर कहा था कि मुझे बचा लो नहीं तो आज ये लोग मार डालेंगे। कुछ देर बाद पिता के पास उसे छत से फेंके जाने की खबर आ गई। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दी है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
मुरैना के रहने वाली हथियार सिंह ने बताया कि 24 वर्षीय बेटी पिंकी की शादी दो साल पहले ग्वालियर के मयूर मार्केट के रहने वाले किराना व्यापारी विपिन कुमार रमोला से की थी। शादी लॉकडाउन के बीच में ही हुई थी। इसके बाद भी पिंकी के पिता ने दहेज में सब कुछ दिया था। विपिन दहेज में बुलट मांग रहा था। हथियार सिंह ने बताया कि वह काफी समय से बेटी को परेशान कर रहा था। शनिवार दोपहर पिंकी ने पिता को फोन किया था। उसका कहना था कि वह उसे आकर ले जाएं, नहीं तो जिंदा नहीं बचेगी। यह लोग मुझे मार देंगे। पिता सोच रहा था कि बुलट का इंतजाम कहां से करूं, तभी उनके पास बेटी के ससुराल से पड़ोसी का कॉल आया। पता लगा कि पिंकी को उसके पति ने 3 मंजिल ऊंची छत से नीचे फेंक दिया है। जब गिरने की आवाज आई, तो आसपास के लोग आ गए। देखा तो पिंकी सड़क पर लहूलुहान पड़ी थी। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उसे ट्रॉमा के आईसीयू में भर्ती कर लिया गया है। जहां उसने रात को दम तोड़ दिया है। घायल के ससुराल पक्ष ने पुलिस को बताया कि वह छत से गिर गई है। घायल के पिता का कहना है कि उसे छत से फेंका गया है।
