ग्वालियर में हिंदू महासभा के तीखे तेवर, कहा वीर सावरकर मार्ग रखो नाम
ग्वालियर. हिंदू महासभा वीर सावरकर को लेकर एक बार फिर आक्रोशित तेवर में नजर आई है। हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने थीम रोड पर पहुंचकर स्मार्ट सिटी के शिलालेख पर कालिख पोत दी है। इतना ही नहीं वीर सावरकर अमर रहे के नारे भी लगाए हैं। हिमस की मांग है कि इस मार्ग का नाम वीर सावरकर मार्ग रखा जाए। यहां वीर सावरकर ताल है और सावरकर प्रतिमा है। साथ ही चेतावनी दी है कि स्मार्ट सिटी ऐसा नहीं करती है तो 16 फरवरी को हिंदू महासभा खुद वीर सावरकर नाम से पटि्टकाएं लगाएगी। इस मार्ग का नाम थीम रोड नहीं रहने दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से अभी इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं आई है।
यह है पूरा मामला
हिंदू महासभा ग्वालियर में काफी समय से स्वतंत्र वीर सावरकर के लिए नाम और पहचान की लड़ाई लड़ रही है। वीर सावरकर ताल (कटोराताल) में सावरकर की प्रतिमा बनी हुई है। तीन साल से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट तहत यह थीम रोड और सावरकर ताल पर काम चल रहा है। ऐसे में यहां ताला लगा है। लगातार हिंदू महासभा ताला खोलने और वीर सावरकर को मुक्त कराने के लिए आंदोलन कर रही है। सोमवार को हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने थीम रोड का नाम बदलकर वापस वीर सावरकर मार्ग रखने के लिए कदम उठाया है। सबसे पहले हिमस कार्यकर्ता थीम रोड पहुंचे और यहां स्मार्ट सिटी के शिलालेख या नाम पटि्टका पर कालिख पोत दी। इतना ही नहीं यहां हिंहू महासभा प्रचंड रहे और वीर सावरकर जिंदाबाद के नारे लगाए गए। हिमस कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह मार्ग वीर सावरकर मार्ग नाम से जाना जाता है। इसलिए थीम रोड की जगह यहां वीर सावरकर नाम ही रखा जाना सही है। ऐसा नहीं होने पर हिंदू महासभा उग्र आंदोलन भी करेगी।
