ग्वालियर में पुलिस के हत्थे चढ़ी बदमाशों की गैंग, दो कार से पकड़े चार बदमाश
ग्वालियर. पुलिस ने मुरैना रोड से दो कार से चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने दो पिस्टल, दो कार, जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। हाइवे पर पुलिस सतर्क थी और संदेह होने पर कार को रोककर इनको पकड़ा गया है। पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी वारदात टल गई है। बदमाश किसी वारदात के इरादे से ही शहर में आए थे। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर पता लगा रही है कि वह किस मकसद से शहर में आए थे। सभी बदमाशों पर आधा दर्जन से गंभीर मामलों में FIR दर्ज हैं।
यह है पूरा मामला
पुरानी छावनी TI सुधीर सिंह कुशवाह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में दो बदमाश वारदात को अंजाम देने के लिए आ रहे है और उनके पास हथियार भी हैं। सूचना मिलते ही एसआई रविन्द्र सिंह कुशवाह, सतेन्द्र सिंह, एएसआई धर्मेन्द्र सिंह, विनोद छारी, प्रधान आरक्षक ओकेश तोमर, मदन उद्धेनिया, मथुरा प्रसाद, आरक्षक रवि, नेतराम, विष्णु को आरोपियों की घेराबंदी कर पकड़ने का टॉस्क दिया गया। सूचना पर पुलिस ने होटल राजमोहन के सामने चेकिंग लगाकर तलाशी शुरू की तो रात करीब पौने 2 बजे एक कार मुरैना की तरफ से आती दिखाई दी। जिसे रोककर पूछताछ की तो कार सवारों की पहचान वीरेन्द्र लोधी और मोनू खान के रूप में हुई। जब कार व कार सवारों की तलाशी ली तो उनके पास से एक 32 बोर की पिस्टल व जिन्दा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने कार व पिस्टल जब्त कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। जब पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि एक अन्य कार में उनके दो साथी और आ रहे हैं।
