एग्री बिजनेस अपनाकर नौकरी मांगने वाले नहीं नौकरी देने वाले बनें – केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर

ग्वालियर – ग्वालियर एवं चंबल क्षेत्र के किसानों एवं कृषि आधारित स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं को बड़ी सौगात मिली है। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने रविवार को ग्वालियर में “सेंटर फॉर एग्री बिजनेस इनक्यूवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप” के लिए नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि इस सेंटर की मदद से ग्वालियर-चंबल अंचल के नौजवान कृषि आधारित स्टार्टअप शुरू कर भारत का सुनहरा भविष्य गढ़ेंगे। नए-नए स्टार्टअप खड़े होने से आत्मनिर्भर भारत की नींव और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का यह प्रयास है कि युवा नौकरी मांगने के बजाय एग्री बिजनिस से जुड़कर दूसरों को नौकरी देने वाले बनें। इसी उद्देश्य से इस प्रकार के सेंटर खोले जा रहे हैं।
नाबार्ड (राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक) के सहयोग से 7 करोड़ रूपए से अधिक लागत से ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय से जुड़े कृषि महाविद्यालय परिसर में “सेंटर फॉर एग्री बिजनेस इनक्यूवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप” के लिए भवन का निर्माण किया गया है। आधुनिक तकनीक व सुविधाओं से सुसज्जित इस सेंटर को स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य अगले चार वर्षों में 100 से अधिक स्टार्टअप खड़े करना है। साथ ही कृषि एवं उससे जुड़ीं विभिन्न प्रकार की 240 आर्थिक गतिविधियों के लिए क्षेत्रीय किसानों व युवा उद्यमियों को प्रशिक्षण तथा आर्थिक व तकनीकी मदद मिलेगी। इसके अलावा फसल उत्पादन, फसल सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन से संबंधित 130 प्रकार की तकनीकें भी इस सेंटर के माध्यम से विकसित कर लोगों को जागरूक करने का भी काम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *