मुरार स्थित एसएन अस्पताल पर शाम को छापेमार कार्रवाई, अस्पताल में अवैध गर्भपात करने 16 हजार जमा कराए

ग्वालियर. मुरार स्थित एसएन अस्पताल में अवैध गर्भपात कराया जाता है, जिसका पता चलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने देर शाम को छापेमार कार्रवाई की। टीम ने छापेमार कार्रवाई से पहले डिकोय (डमी) को अस्पताल में गर्भपात कराने के लिए भेजा था, जिससे अस्पताल के स्टाफ ने 16 हजार रुपये जमा कराने के बाद गर्भपात कराने की तैयारी थी लेकिन टीम को अस्पताल में देखकर स्टाफ ने डिकोय को ओटी से बाहर कर दिया और पैसा भी लौटा दिया। टीम को अस्पताल से एमटीपी किट, गर्भपात कराने वाला सामान, एक्सपायरी डेट की दवा और अनट्रेंड स्टाफ मौजूद मिला जबकि अस्पताल में डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे और एक प्रसूता भी भर्ती मिली। टीम ने अस्पताल को सील कर दिया और भर्ती मरीज को जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। वहीं इसी अस्पताल से कुछ माह पहले 10 पेटी अवैध शराब पकड़ी गई थी।

स्टाफ ने 50 हजार का खर्चा बताया
पीसीपीएनडीटी एक्ट की पूर्व सदस्य मीना शर्मा को शिकायत मिली थी कि मुरार कन्या महाविद्यालय के सामने डा धर्मवीर दिनकर का एसएन अस्पताल है। जिसमें अवैध रूप से गर्भपात किया जाता है। इस पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से अस्पताल पर निगरानी रखना शुरू की। पिछले 15 दिनों से अस्पताल की रैकी करने के बाद मीना शर्मा ने एक डिकोय तैयार की और अस्पताल में पहुंचाया। महिला ने अस्पताल के चिकित्सकों को बताया कि उसे ढाई माह का गर्भ है और उसकी पहले से ही एक बच्ची है। इसलिए दूसरी बच्ची नहीं चाहती और गर्भपात कराना है। जिस पर स्टाफ ने 50 हजार का खर्चा बताया और गर्भपात के लिए शुक्रवार का दिन तय किया।

जांच में टीम को गर्भपात कराने वाली किट(ट्रेस) ,एक्सपायरी दवाएं भी मिलीं
डिकोय महिला को लेकर दोपहर करीब तीन बजे मीना शर्मा और स्वास्थ्य विभाग की ओर से डा बिंदु सिंघल, डा नीलम सक्सेना और डा प्रतीक दुबे अस्पताल पहुंचे। डिकोय के अंदर जाने के बाद उसने 16 हजार रूपये रिसेप्सन पर मौजूद स्टाफ मंजू सिंह को दिए और बाकी के पैसे बाद में देने के लिए कहा। इसके बाद डिकोय को भर्ती कर दवा रखने के लिए दी, तभी ठीक 4 बजे अस्पताल के बाहर पुलिस के साथ खड़ी स्वास्थ्य विभाग की टीम अंदर पहुंची। अस्पताल का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। इसके बाद टीम ने डिकोय महिला को बाहर किया और मौके पर मिली तीन महिला स्टाफ व एक पुरूष स्टाफ का मोबाइल जब्त किया। जांच में टीम को आपरेशन थिएटर से गर्भपात कराने वाली किट(ट्रेस) ,एक्सपायरी दवाएं भी मिलीं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अपराध शाखा के एएसपी राजेश दंडौतिया को भी मौके पर बुला लिया और स्टाफ के बयान लेकर अस्पताल को सील कर दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *