ग्वालियर जिले की 9वीं तहसील होगी, राजस्व विभाग की मंजूरी
ग्वालियर. ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के 89 गांव की आबादी के लिए नई ग्रामीण तहसील को राजस्व विभाग से स्वीकृति मिल गई है। ये जिले की 9वीं तहसील होगी और इसका नाम पुरानी छावनी तहसील किए जाने की प्रक्रिया भी चल रही है। नई तहसील का कार्यालय पुरानी छावनी क्षेत्र में ही बनाया जाएगा। जानकारी के अनुसार ये नई तहसील ग्वालियर, सिटी सेंटर और मुरार में ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के आने वाले हल्कों को जोड़कर बनाई जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र से सटे नगर निगम वार्ड 61 से 66 के क्षेत्रांे को चिन्हित कर ग्वालियर कलेक्टर ने पूरी रिपोर्ट राजस्व विभाग के उप सचिव को भेज दी थी। राजस्व विभाग से इसे स्वीकृति मिल गई है। अब अंतिम स्वीकृति के लिए ये प्रकरण प्रदेश सरकार की कैबिनेट में शामिल करा दिया गया है। जहां से स्वीकृति मिलने के साथ ही तहसील के लिए स्थानीय प्रक्रिया शुरू हो जाएगाी।
क्या होगा लाभ
पुरानी छावनी तहसील के अस्तित्व में आने के बाद लगभग 1 लाख 10 हजार लोगों की आबादी को राजस्व संबंधी सरकारी कामकाज में सुविधा मिलेगी। अभी ये आबादी मुरार, सिटी सेंटर एवं ग्वालियर तहसील में बटी है। ऐसे में इन लोगों को अपने कामकाज के लिए अलग-अलग जगह पर भटकना पड़ता है और तहसील के क्षेत्र को लेकर कई बार भ्रम की स्थिति बनती है। इससे लोगों को अपना काम कराने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
