MP में भिड़े BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस ने भांजी लाठियां,100 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घायल
सागर. खुरई में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हुआ जिसके बाद पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। सेल्फी पॉइंट में हुई तोड़फोड़ को लेकर ये पूरा विवाद हुआ। भाजपा कार्यकर्ता तोड़फोड़ के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। तो वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता इस मामले में अपने कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामले का विरोध कर रहे थे तभी महाकाली टीनशेड में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं का आमना सामना हो गया। पुलिस ने रोका तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई। जमकर तोडफोड़ हुई, हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस पूरे बवाल में 100 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घायल हो गए। तहसील परिसर में लगाई गई टेंट की कुर्सियों में तोड़फोड़ की गई। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष की गाड़ी का कांच भी फोड़ दिया गया। सूचना मिलने पर नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
इसलिए हुआ बवाल
17 जनवरी को ऑफिसर कॉलोनी में SDM बंगले के पास स्थित सेल्फी पाइंट में तोड़फोड़ हुई थी साथ ही सहोद्रा राय वार्ड में भी सेल्फी पाइंट को क्षतिग्रस्त किया गया था। पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसमें कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल थे। इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ता खुरई किला मैदान में जमा हो गए। वो आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर SDM को ज्ञापन देने जा रहे थे। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता नगर पालिका परिसर में जमा हुए थे। वो मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज केस का विरोध कर रहे थे।भाजपा कार्यकर्ता रैली के रूप में SDM कार्यालय की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने महाकाली टीनशेड में भेज दिया, ताकि भाजपा कार्यकर्ता निकल जाए। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने टीनशेड में जाने की कोशिश की। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की और बवाल शुरू हो गया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा।
