ग्वालियर में 396 काेराेना संक्रमित मरीज मिले, 1 की माैत

ग्वालियर. कोरोना मरीजों की संख्या में आई कमी ने शहरवासियों के साथ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को भी बड़ी राहत दी है। बुधवार को 396 नए संक्रमित मरीज मिले हैं जबकि डिस्चार्ज मरीजों की संख्या 682 है। अब प्रशासन किसी भी कीमत पर कोरोना को बढ़ने नहीं देना चाहता है इसलिए टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

साहलग का सीजन शुरू हो चुका है जिसके साथ ही प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई थी क्योंकि वैवाहिक आयोजनों में भीड़ उमड़ने पर कोरोना फैलने की आशंका अधिक थी। ऐसे में जिले में सैंपलिंग बढ़ा दी गई थी। राहत की बात यह है कि जिले में सैंपलिंग बढ़ने के साथ ही कोरोना मरीजों की संख्या घटना शुरू हो गई है और संक्रमण दर में भी तेजी से कमी आई है। बुधवार को जीआर मेडिकल कॉलेज से 4271 सैंपल की जांच रिपोर्ट जारी की गई है जिसमें 396 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है। वहीं डिस्चार्ज मरीजों की संख्या 682 रही है। इस प्रकार जिले में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 3335 है।

कोरोना के मरीजों की संख्या भले ही कम हो गई हो लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। ऐसे में प्रशासन एवं चिकित्सक लोगों को लगातार मास्क एवं सुरक्षित शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने की समझाईश दे रहे हैं लेकिन लोग अब भी इस महामारी को लेकर गंभीर नहीं हैं। बाजारों में लोग मास्क भी केवल चालान से बचने के लिए ही लगा रहे हैं। वहीं बाजारों में कहीं भी सुरक्षित शारीरिक दूरी के नियम का पालन होता दिखाई नहीं दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *