अरूणाचल से गायब युवक चीन की सीमा में मिला, PLA ने भारतीय सेना को दी जानकारी
नई दिल्ली. अरूणाचल प्रदेश से लापता हुए भारतीय युवक चीन की सीमा के भीतर मिला है। चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों को इस बात की जानकारी दी है। इस युवक को भारत वापिस सौंपने के लिये औपचारिक प्रक्रियायें पूरी की जा रही है। आपको बता दें कि अरूणाचल प्रदेश के सियुंगला के लुंगटा जोर इलाके के रहने वाले 17 वर्षीय मिराम तारन मंगलवार 18 जनवरी को कथित तौर पर लापता हो गया था। इस युवक की गुमशुदगी की खबर को अरूणाचल पूर्व से सांसद तापिर गाओ ने उठाया था। उन्होंने दावा किया था कि चीनी सैनिक (PLA) इस युवक को बन्दी बनाकर ले गये थे।
इसके बाद भारतीय सेना (indian army ) ने इस युवक की तलाश शुरू की थी और चीनी सैनिकों से इस संबंध में जानकारी मांगी थी। पहले चीनी सैनिकों ने कहा है कि उन्हें इस युवक के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन आज चीनी सैनिकों ने भारतीय सेना (indian army ) को कहा हैकि उनके क्षेत्र में एक युवक मिला है। असम के तेजपुर में रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल हर्षवर्द्धन पांडे ने कहा हैकि चीनी सेना ने हमें सूचित किया है कि उन्हें अरूणाचल प्रदेश का एक लापता लड़का मिला है। इस युवक को भारत को सौंपने के लिये उचित प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।

