कश्मीरी छात्र अरशद युसूफ, इनायत अल्ताफ व शोकत अहमद गनी पर देशद्रोह का केस दर्ज
आगरा. टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाने पर यूपी के आगरा में तीन कश्मीरी छात्रों पर पुलिस ने देशद्रोह की कार्रवाई की है। इन छात्रों को बुधवार को पकड़ा गया था, आज तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोप है कि टी-20 क्रिकेट विश्वकप में भारत-पाकस्तिान के मैच में पाकिस्तान की जीत पर इन छात्रों ने जश्न मनाया और देश विरोधी नारे लगाए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में कहा था कि देश विरोधी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। इसके बाद पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाने और देश विरोधी नारेबाजी से जुड़े मामलों में आगरा में 3, बरेली में 3 और लखनऊ में 1 मामला दर्ज हुआ। इसमें कुल 11 लोगों पर एफआईआर दर्ज करके उनकी गिरफ्तारी की गई।
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने दर्ज कराया मुकदमा
आगरा में आरबीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में कश्मीरी छात्र अरशद युसूफ, इनायत अल्ताफ और शौकत अहमद गनी पढ़ाई करते हैं। इन पर टी-20 में पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाने ओर देश विरोधी नारे लगाने का आरोप है। इनके खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय मंत्री गौरव रजावत ने मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी छात्रों को डिजिटल सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
डिजीटल सबूतों के आधार पर गिरफ्तारी हुई
पुलिस ने बुधवार रात को कानूनी राय लेने के बाद तीनों छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 124 ए (राष्ट्रद्रोह) को बढ़ा दिया। तीनों आरोपी छात्रों को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह के अनुसार आरोपी कश्मीरी छात्रों को डिजीटल सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
कॉलेज प्रबंधन कर चुका है निलंबित
भारत की हार पर जश्न मनाने और आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में आरबीएस कॉलेज प्रबंधन द्वारा तीनों छात्रों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। इस मामले में मंगलवार को भाजयुमो द्वारा कॉलेज में हंगामा किया गया था। इसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन किया था। जिसके बाद जगदीशपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
