प्रियंका गांधी को गिरफ्तारी के 24 घंटे के बाद रिहा

उत्तर प्रदेश. लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों के परिजन से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी को गिरफ्तारी के 24 घंटे के बाद रिहा कर दिया गया है। उन्हें सोमवार सुबह सीतापुर में हिरासत में लेने के बाद मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। प्रियंका ने सोशल मीडिया के जरिए बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि किसानों को कुचलने वाले खुलेआम घूम रहे है। किसानों के लिए न्याय की आवाजों को भाजपा सरकार कैद कर रही है लेकिन हम न्याय की आवाज दबने नहीं देंगे।

दूसरी तरफ राहुल गांधी को लखीमपुर जाने की इजाजत मिल गई है। राहुल लखनऊ एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक में अधिकारियों ने नेताओं को लखीमपुर जाने की मंजूरी देने का फैसला लिया है। यूपी के गृह विभाग के मुताबिक राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और तीन अन्य लोगों को लखीमपुर खीरी जाने की इजाजत दे दी गई है।

लखीमपुर खीरी में हिंसा की घटना को लेकर मचे बवाल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र से मुलाकात की है। बता दें मिश्र के बेटे आशीष पर लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी से कुचलने का आरोप है और विपक्ष मांग कर रहा है कि अजय मिश्र को मंत्री पद से हटाया जाना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक जल्द आशीष की गिरफ्तारी भी हो सकती है। किसान संगठन लगातार इसकी मांग कर रहे हैं और किसानों के दबाव के चलते सरकार एक्शन ले सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *