लखीमपुर में किसानों की मौत के बाद किसान महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब मप्र में आंदोलन करेंगे

भोपाल.  लखीमपुर खीरी घटना को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा कक्का ने लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में मध्यप्रदेश में भी किसान संगठनों के आंदोलन करने की चेतावनी दी उन्होंने कहा कि इसके लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने आंदोलन की रणनीति तैयार कर ली है। इस घटना के विरोध में प्रदेशभर के गांवों और शहरों में केन्द्र सरकार और यूपी सरकार का पुतला दहन किया जाएगा। ये आंदोलन 5 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक होगा।

राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार कक्का ने लखिमपुरी खीरी की घटना को बेहद निंदनीय बताया और यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गांधी के देश में हिंसा की कोई जगह नहीं है। ऐसे में इस तरह की घटना शर्मसार करने वाली है। किसानों का पिछले 10 महीने से अहिंसात्मक आंदोलन चल रहा है। उनकी तरफ से कोई भी हिंसात्मक घटना नहीं हुई है, लेकिन सरकार की तरफ से हिंसा हो रही है। कक्का ने अपना विरोध दर्ज करवाते हुए आगे कहा कि जहां पर घटना हुई है वहां पर इंटरनेट बाधित कर दिया गया है, जिसके चलते हमें किसी तरह की जानकारी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे उपर किसी भी तरह का हमला किया जाए, हम संयम से काम लेते हैं, हमारा हाथ नहीं उठेगा। कक्का ने राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री इस बात को लेकर साफ झूठ बोल रहे हैं कि उनका बेटा वहां नहीं था।

इसी को लेकर आगे उन्होंने कहा कि मौर्य के कार्यक्रम में काले झंडे दिखाकर विरोध कर रहे किसानों को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे ने कार से कुचला है, उनपर गाड़िया चढ़ा दी गई। यह निंदनीय है इतना ही नहीं बेकसूर किसानों पर हुए इस अन्याय को लेकर एक लोकतंत्र में चुने हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की भाषा बेहद अमर्यादित है, लेकिन मैं उन्हें 2 मिनट में ठीक कर दूंगा। पूरे देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति बना दी गई है। विपक्ष को घटनास्थल तक नहीं पहुंचने दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *