मप्र में 24 घंटे में कोरोना के 11 नए संक्रमित, भोपाल में 8 साल का बच्चा पॉजिटिव, इंदौर में 4 और सागर में 3 मरीज मिले
भोपाल. मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रदेश में 24 घंटे में 11 नए केस आए हैं। इसमें भोपाल का 8 साल का बच्चा भी शामिल है। वहीं, तेलंगाना से छुट्टी मना कर लौटा एक एयरफोर्स का जवान भी बैतूल में पॉजिटिव मिला है। सबसे ज्यादा केस इंदौर में 4 और सागर में 3 आए हैं। खरगोन और जबलपुर में भी 1-1 नए मामले आए हैं।
प्रदेश में 13 दिन में 108 नए केस मिले हैं। इसमें सबसे ज्यादा मामले भोपाल, इंदौर, जबलपुर जिलों के हैं। अब कोरोना का संक्रमण छोटे जिलों को भी जद में ले रहा है। बैतूल जिले के आमला में 19 दिन बाद एक संक्रमित मिला है। आमला स्थित एयरफोर्स के बेस पर ड्यूटी करने वाला जवान तेलंगाना से छुट्टी मना कर ड्यूटी जॉइन करने पहुंचा था। यहां पर जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई उसे भी हल्की सर्दी खांसी और जुकाम है। इससे एक दिन पहले विदिशा में भी केरल से लौटे एक शिक्षक कोरोना पॉजिटिव आया था।
सागर में लगातार दूसरे दिन कोरोना के 3 नए केस मिले हैं। खरगोन में भी 1 संक्रमित आया है। सरकार कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका के चलते लगातार टेस्टिंग बढ़ा रही है। लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की जा रही है।

