Latestराज्य

शादी के बाद पति मप्र पुलिस में बना आरक्षक और मांगने लगा 10 लाख रुपए, नहीं देने पर पत्नी को घर से निकाल दिया

ग्वालियर. ग्वालियर के पास भिंड के गोहद में एक युवक ने पुलिस की वर्दी क्या पहनी पत्नी और बच्चों के प्रति उसके तेवर बदल गए। पुलिस में सिलेक्ट होने और आरक्षक बनने के बाद पति, पत्नी को 10 लाख रुपए दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा, जबकि शादी को 5 साल हो चुके थे। दो साल पहले उसने पत्नी को घर से निकाल दिया।
घटना गोहद भिंड की है। लड़की डबरा अपने मायके चली आई इसके बाद कई बार रिश्ता बनाने के लिए परिवार ने प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मी पति नहीं माना। महिला ने डबरा थाना पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस ने आरोपी पति, सास, ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है।

डबरा के लक्ष्मी कॉलोनी निवासी रचना कुशवाह की शादी वर्ष 2013 में प्रवेश कुमार निवासी गोहद भिंड से हुआ था। शादी के बाद पति तथा ससुराल वालों ने उसे अच्छी तरह से रखा। उसके दो बच्चे एक बेटा-बेटी भी हुए। वर्ष 2018 में प्रवेश कुमार मध्य प्रदेश पुलिस में बतौर आरक्षक सिलेक्ट हो गया। पुलिस में आरक्षक के पद पर नौकरी क्या पति, सास कृष्णा, ससुर आशाराम उसे मायके से दहेज में दस लाख रुपए की मांग करने लगे। उसने कई बार पति तथा ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी आदतों में बदलाव नहीं हुआ। अगस्त 2019 में उसे पति ने घर से निकाल दिया। इस पर रचना ने अपने पिता को पूरी बात बता दी। पिता ने ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया तो पति व सास-ससुर ने उसे व उसके पिता को घर से निकाल दिया और धमकी दी कि अगर दस लाख रुपए नहीं लाए तो बेटी को मत भेजना नहीं तो जान से खत्म कर देंगे।

कई बार किया प्रयास
बेटी का घर बचाने के लिए रचना के पिता ने पंचायत की, लेकिन हर बार ससुराल वाले दस लाख पर अड़े रहे। परेशान होकर रचना डबरा थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति तथा सास-ससुर पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *