ग्वालियर में स्मार्ट एलईडी प्रोजेक्ट में शुरू हुआ सीसीएमएस पैनल का इंस्टॉलेशन, ऑटोमैटिक ऑन-ऑफ होंगी स्ट्रीट लाइट्स
ग्वालियर. अभी तक सड़कों पर लगी एलईडी लाइट्स कई बार दिन में भी जलती मिलती थी इससे न केवल बिजली की खपत बढ़ती है साथ ही लाइट्स भी ज्यादा खराब होती है। ग्वालियर शहर की स्ट्रीट लाइट अब कर्मचारियों के भरोसे नहीं रहेगी। कर्मचारियों के भरोसे के कारण कहीं लाइट ऑन नहीं की जाती तो कहीं ऑफ नहीं हो पाती है, पर अब ऐसा नहीं होगा। स्मार्ट एलईडी प्रोजेक्ट में अब स्ट्रीट लाइट ऑटोमैटिक ऑन-ऑफ होगी इसके लिए सीसीएमएस पैनल का इंस्टॉलेशन शुरू हो गया है। अब इसमें समय सेट किया जाएगा और यह अंधेरा होते ही ऑटोमैटिक ऑन हो जाएंगी। सुबह सूर्य निकलते ही ऑफ भी हो जाएंगी।
नगर निगम और स्मार्ट सिटी के लिए सड़कों पर दिन में जलने वाली स्ट्रीट लाइटें और कई क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें ऑन-ऑफ न होना बड़ी समस्या बनी हुई थी। दरअसल किसी के उपर कोई जिम्मेदारी नहीं होने से सारी व्यवस्थाएं गड़बड़ होती रहती है। ऑटोमैटिक ऑन-ऑफ व्यवस्था शुरू होने से इसके लिए लगने वाले लोगों की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। स्मार्ट एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना के तहत शहर में उर्जा बचत व बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए 52 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइट शहर में लगाई जा रही है। अत्याधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट प्रणाली को बेहतर तकनीक के माध्यम से संचालित किया जाना है। शनिवार को एलईडी स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट के अंतर्गत पहला सीसीएमएस (सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम) पैनल नये पड़ाव पुल के पास इंस्टॉल किया गया है। इस पैनल के माध्यम से ऑटोमेटेड टाइमर सिस्टम द्वारा पूर्व निर्धारित समय पर स्ट्रीट लाइट खुद ही चालू और बंद होगी।
अभी कुछ स्थानों पर फिर पूरे शहर में होगी व्यवस्था
ग्वालियर स्मार्ट सिटी सीईओ जयति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि स्मार्ट एलईडी प्रोजेक्ट का उद्देश्य ग्वालियर शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इस परियोजना के अंतर्गत पहला सीसीएमएस पैनल इंस्टॉल किया गया है जिसके चलते नये पड़ाव पुल पर (सिंधिया कन्या विद्यालय) की ओर वाले भाग में लगी एलईडी लाइट का संचालन किया जाएगा। इस पैनल में पूर्व निर्धारित समय फ़ीड कर दिया गया है जिसके अनुसार ये लाइटें संचालित की जा सकेंगी। सभी सीसीएमएस पैनल जुड़ने के बाद एकीकृत कमांड कंट्रोल केंद्र से इन सभी स्ट्रीट लाइट्स का संचालन किया जा सकेगा। आवश्यकता पड़ने पर सीसीएमएस पैनल को ऑटमैटिक मोड के अलावा मैन्यूअल मोड पर भी चलाया जा सकता है।
12 घंटे की टाइमिंग होगी सेट
शहर में लगी स्ट्रीट लाइट्स को ऑटोमैटिक ऑन-ऑफ करने के लिए सीसीएमएस पैनल इस्टॉलेशन करते समय टाइमिंग भी सेट की जाएगी। जिसमें 12 घंटे का समय सेट किया जाएगा। शाम 6 बजे स्ट्रीट लाइट ऑन हो जाएंगी और सुबह 6 बजे बंद हो जाएंगी। विंटर और समर के सीजन में टाइमिंग कम ज्यादा कर एडजस्ट की जाएगी।

