तेज रफ्तार कार-ट्रक में घुसी 4 युवकों की मौत, जेसीबी व कटर से कार की बॉडी काटकर निकाली लाश

भोपाल.  भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में रविवार तड़के तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में घुस गई। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवक घायल है। घायल की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भयावह थी कि टाइल्स से भरे ट्रक के पीछे के टायर ऊपर उठ गए। शवों को जेसीबी मशीन और आयरन कटर से काटकर ढाई घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया। मृतकों में दो की पहचान 35 साल के हितेश निवासी खजूरी और 25 साल के आदित्य पांडे निवासी अवधपुरी के रूप में हुई है। बाकी दो मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, आई-20 कार सवार पांच युवक 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भोपाल से मिसरोद की तरफ आ रहे थे। रात करीब साढ़े तीन बजे भोपाल-होशंगाबाद रोड स्थित सुरेन्द्र लैड मार्क के सामने कार आगे चल रही टाइल्स से भरे ट्रक में घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के पीछे से घुसने पर ट्रक के पीछे के दोनों पहिए ऊपर उठ गए। कार सवार युवकों के चेहरे बुरी तरह कुचल गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को शव निकालने में परेशानी हुई। इसके बाद नगर निगम का अमला जेसीबी लेकर पहुंचा। जेसीबी से ट्रक में फंसे कार को अलग किया गया। फिर आयरन कटर से कार की बॉडी को काटकर शव निकाले गए। मृतक हितेश, आदित्य और अन्य दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भिजवा दिया गया है। हनी उर्फ कृतज्ञ पुरारिया (22) पिता मुकेश पुरारिया, निवासी अवधपुरी, खजूरी को नर्मदा ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

इनकी हुई मौत

– हितेश वरैया (25) पिता अजीत वरैया, निवासी खजूरी कलां

– आदित्य पांडे (23) पिता अरविंद पांडे, निवासी अवधपुरी

– तुझीन मांझी (29) पिता मल्टोरंजन मांझी, निवासी अवधपुरी

– लोकेश सिन्हा (22) पिता दिलीप सिन्हा, निवासी अवधपुरी

हादसे पर सीएम ने जताया दु:
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भोपाल होशंगाबाद रोड पर हादसे की खबर पर दु:ख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल-होशंगाबाद रोड पर कार और ट्रक में टक्कर से हुई दुर्घटना में कई अमूल्य जिंदगियाें के असमय निधन के समाचार से दु:ख हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माताओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन पीड़ा सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *