कोविड-19 की तीसरी लहर की संभावनाओं को देखते हुए 500 बैड का अस्पताल 31 अगस्त तक तैयार किया जाए -तुलसीराम सिलावट

ग्वालियर प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ग्वालियर भ्रमण के दौरान गुरूवार को एक हजार बिस्तर के अस्पताल के निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा है कि कोविड-19 की तीसरी लहर की संभावनाओं को देखते हुए 500 बैड का अस्पताल तैयार करने का कार्य 31 अगस्त तक किया जाए। एक हजार बिस्तर के निर्माण के कार्य को पूरी गति के साथ किया जाए ताकि न केवल ग्वालियर बल्कि ग्वालियर अंचल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध हो सकें।
प्रभारी मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि एक हजार बिस्तर के अस्पताल के निर्माण के पशचात चिकित्सक, पैरामेडीकल स्टाफ एवं अन्य स्टाफ की जो आवश्यकता पड़ेगी उसका विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजें ताकि उस पर शीघ्रता से स्वीकृति और कार्रवाई हो सके। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय सांसद विवेक शेजवलकर एवं जनप्रतिनिधियों के साथ ही संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, डीन मेडीकल कॉलेज डॉ. समीर गुप्ता, अधीक्षक जेएएच डॉ. आरकेएस धाकड़ एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बांधों को पुनर्जीवित करने की दिशा में कार्य किया जाए
प्रभारी मंत्री ने बैठक में शहर के विभिन्न बांधों के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वीरपुर, हनुमान बांध को पुनर्जीवित करने की दिशा में कार्य किया जाए। बांधों पर जो अतिक्रमण है उसको हटाने के लिये कार्रवाई जिला प्रशासन एवं नगर निगम करे।
प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि नगर निगम शहर के वार्डों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के वार्डों पर भी विशेष ध्यान दे। इन वार्डों में पेयजल वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ आम लोगों को समय पर मिले, यह हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
पहसारी से पेयजल आपूर्ति के लिए शीघ्रता से अमल
क्षेत्रीय सांसद विवेक शेजवलकर ने बैठक में कहा कि कचरा प्रबंधन की दिशा में तेजी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। ग्वालियर में पेयजल आपूर्ति के लिए ककैटो, पहसारी से पानी लाने की जो योजना है उसको शीघ्रता से अमल में लाना जरूरी है। पेयजल संकट को देखते हुए उक्त कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से निगम करे ताकि लोगों को पेयजल की समस्या न आए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रभारी मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों पर अमल किया जाए। जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को पूरी गंभीरता से अमल में लाया जाए, जिन प्रस्तावों पर कार्रवाई संभव नहीं है उसकी कारण सहित जानकारी भी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए।
अमृत परियोजना एवं स्मार्ट सिटी परियोजना का अवलोकन करेंगे
प्रभारी मंत्री ने बैठक में कहा कि अगले भ्रमण के दौरान अमृत परियोजना एवं स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर में किए जा रहे कार्यों को जनप्रतिनिधियों के साथ भ्रमण कर देखेंगे और उसकी समीक्षा भी करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों ही योजनायें ग्वालियर के विकास के लिये अति महत्वपूर्ण योजनाएँ हैं। इन योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से किया जाए ताकि आने वाले दिनों में ग्वालियर शहर के नागरिकों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *