ग्वालियर एसपी ऑफिस में बम लगाने की खबर से हड़कंप, बम की सूचना मिलते ही अफसर एसपी ऑफिस दौड़े
ग्वालियर. सोमवार सुबह ग्वालियर पुलिस में उस समय हड़कंप मच गया जब कंट्रोल रूम पर एक धमकी भरा कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उसने एसपी ऑफिस में बम प्लांट कर दिया है और किसी गेट पर कोई सुरक्षा नहीं है बहुत आसान है बम से उड़ाना। यह सुनते ही जो अफसर जहां गश्त कर रहे थे वह सीधे एसपी ऑफिस पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार एसपी ऑफिस में यहां एक युवक परिसर में घूमता हुआ दिखाई दिया जिसके बाद उसे तत्काल हिरासत में लिया गया। वह नशे में तो था ही साथ ही मानसिक रूप से दिव्यांग भी था। पूछताछ की तो उसने कॉल करने की बात की। उसकी स्थिति ऐसी नहीं थी कि उससे पूछताछ की जाए। पुलिस ने उसे हिदायत देकर छोड़ दिया फिर भी एहतियातन एसपी ऑफिस की छानबीन की गई।
बता दें कि ऑफिस के दो गेट है, शाम होते ही एक गेट पर ताला लगा दिया जाता है जिस गेट से युवक अंदर प्रवेश किया है वहां से पुलिसकर्मियों का आना जाना रहता है। यहां पुलिस जवान भी तैनात रहते है। पुलिस अफसरों का मानना है कि युवक रात को ही परिसर में प्रवेश कर गया होगा जिससे वह सुरक्षाकर्मियों की नजर में नहीं आया इसके बाद वह रात भर अंदर ही रहा, उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं होने पर उसे छोड़ दिया गया।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जाएगी
पुलिस अब इस मामले में एसपी ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी चेक करेगी जिससे पता चल सके कि युवक किस समय एसपी ऑफिस में अंदर दाखिल हुआ और उस समय सुरक्षाकर्मी कहां थे।
