डफरन सराय स्थित आक्रोशित स्वजनों ने पड़ाव चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम किया
ग्वालियर. डफरन सराय स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में सफाईकर्मी आकाश करोसिया शनिवार की रात को फांसी पर लटका मिला था। मृतक के स्वजनों का आरोप है कि मृतक सूदखोर के साथ नगर निगम के बाबू आशोक से भी प्रताडि़त था। आक्रोशित स्वजनों ने आरोप लगाया कि आकाश ने आत्महत्या नहीं की है उसे मारकर फांसी पर लटकाया गया है। आक्रोशित स्वजन ने पड़ाव चौराहे पर युवक के शव को रखकर चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस व नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
शब्द प्रताप आश्रम के पास रामपुरी मोहल्ले में रहने वाले आकाश पुत्र जगदीश करोसिया का शव शनिवार की रात को क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 6 में फांसी पर लटका मिला था। पड़ाव थाना पुलिस ने रविवार की सुबह युवक के शव डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया। स्वजन युवक के शव को घर ले जाने की जगह पड़ाव चौराहे पर लेकर पहुंच गए जहां परिजनों ने शव रखकर जाम लगा दिया।
मृतक के भाइयों ने आरोप लगाया कि आकाश करोसिया ने कुछ दिन पहले नगर निगम में सूदखोरी का काम करने वाले आकाश नाम के व्यक्ति से 3 हजार रुपये कर्ज लिया था। सूदखोर ने तीन हजार रुपये को 30 हजार रुपये लिख लिए साथ ही वह 10 प्रतिशत अधिक ब्याज वसूलता है। सूदखोर ने कर्ज वसूलने के लिए मृतक का एटीएम कार्ड व चेकबुक भी छीन ली थी। खाते में वेतन आते ही निकाल नेता था। दूसरी तरफ नगर निगम का बाबू अशोक भी उसे प्रताडि़त कर रहा था। सुबह से लेकर रात तक काम कराता और मारपीट भी करता था। सूदखोर का रैकेट नगर निगम में सक्रिय है। 10 से 20 प्रतिशत तक ब्याज वसूलता है और एटीएम कार्ड, पासबुक व चेकबुक रखकर कर्ज देता है, वेतन आते ही निकाल लेते है।
