तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को रौंदा, भाइयों की मौत व एक घायल
ग्वालियर. रविवार को छुट्टी थी इसका मजा लेने शहर से अपने गांव जा रहे 3 चचेरे भाइयों की बाइक में सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 2 चचेरे भाइयों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और एक की हालत गंभीर है और उसे जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मृतक चचेरे भाई बचपन से ही साथ रहे और हर काम साथ करते थे, पर यह नहीं जानते थे कि दुनिया भी एक साथ इस तरह छोड़ जाएंगे।
घटना की रात 11 बजे उटीला थाना से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर हुई है। पुलिस ने तत्काल ही स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। तीनों चचेरे भाई है और कार की टक्कर लगने के बाद सिर में चोट लगी है, जिसने भी यह हादसा देखा उनके मुंह से यही शब्द निकला काश यह हेलमेट पहने होते। टक्कर मारने वाली कार का चालक उसे लेकर फरार हो गया, घटनास्थल पर नंबर प्लेट पड़ी मिली।
क्या है घटना
गिजोर्रा के किटोरा गांव निवासी अलबेल धानुक (18) पुत्र उमाशंकर धानुक शहर के दाल बाजार में काम करता था, उसके साथ ही चचेरे भाई गजेन्द्र धानुक (20) पुत्र भोगीराम धानुक और टिंकल धानुक (20) पुत्र गोटीराम धानुक भी काम करते है। इनमें से अलबेल तो 12वीं का छात्र भी है। रविवार को दाल बाजार बंद रहता है। रविवार को अवकाश पर गांव में परिवार से मिलने और एक दिन की छुट्टी का आनंद लेने के लिए तीनों भाई एक बाइक पर सवार होकर शनिवार रात गांव के लिए निकले थे। वह हेलमेट नहीं पहने हुए थे, रात को लगभग 11 बजे वह उटीला थाना क्रॉस करके सिर्फ 100 मीटर दूर ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को रौंद दिया। कार की टक्कर से तीनों हवा में उछले और सिर के बल जमीन पर आ गिरे। अलबेल को कार पहिए के नीचे रौंदते हुए चालक भगा ले गया। हादसे में अलबेल और उसके चचेरे भाई गजेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल है। घटना के 10 मिनट बाद ही उटीला थाना प्रभारी एसआई एसएस परमार घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल तीनों को अस्पताल पहुंचाया जहां दो को मृत घोषित कर उनके शव डेड हाउस में रखवा दिए गए जबकि तीसरे घायल टिंकल को जयारोग्य के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
घायल की एक साल पहले हुई शादी
हादसे में जान गंवाने वाले गजेन्द्र और अलबेल अभी अविवाहित थे जबकि घायल टिंकल की एक साल पहले ही शादी हुई है। हादसे का पता चलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए है।
रात को हादसा, सुबह मिली नंबर प्लेट
सुबह जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां पर एक कार नंबर एमपी07 सीई-1579 नंबर की रजिस्ट्रेशन प्लेट मिली है। पुलिस ने इस नंबर प्लेट को निगरानी में लेकर पड़ताल की तो पता चला है कि यह वाहन ग्वालियर का है। उटीला थाना प्रभारी एसआई एसएस परमार ने बताया कि नंबर से वाहन मालिक का पता लगाकर एक पुलिस पार्टी वहां के लिए रवाना कर दी गई है।
