शहर में दशहत फैलाने वाले पानी की टंकी में छिपे हुए मिले पुलिस को, पिछले दो वर्ष चकमा दे रहे थे

ग्वालियर. 2 वर्ष पूर्व सरे राह युवक को गोली मारकर दहशत फैलाने वाले 2 बदमाश घर की छत पर पानी की टंकी में छिपे हुए पाये गये हैं। जब वहां भी पुलिस पहुंच गयी तो बदमाशों से छत से कूंदकर भागने का प्रयास किया, पर पुलिस टीम अलर्ट थी और 2 वर्ष से चकमा दे रहे दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया। यह सफलता पुरानी छावनी थाना पुलिस को मिली है। घटना रूद्रपुरा में हुई थी, दोनों बदमाशों पर हत्या के प्रयास के एफआईआर दर्ज है।
क्या है पूरा मामला
पुरानी छावनी थाना पुलिस को एक दिन पहले सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास के मामले में वर्ष 2019 से पुलिस को चकमा दे रहे बदमाश नवीन और नीतेश कुशवाह अपने घर के आसपास देखे गए हैं। सूचना मिलते ही SI अजय सिंह सिकरवार, आरक्षक ओकेश, विष्णु, मदन मोहन, रवि को दबिश के लिए पहुंचाया गया। पुलिस को पता था दोनों बदमाश बेहद शातिर हैं। इसलिए पुलिस जवानों ने पहले घर के चारों तरफ से घेर लिया। जिससे बदमाश भाग न सकें। जिस समय पुलिस आरोपियों के घर पर पहुंची नवीन व नीतेश खाना खा रहे थे। दरवाजे पर पुलिस को देखते ही वह छत पर पहुंचे और पानी के टैंक में छुप गए। पर पुलिस ने उनका वहां भी पीछा नहीं छोड़ा। पुलिस ने पानी के टैंक से बाहर निकाला तो दोनों बदमाशों ने छत से कूदकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से ही अलर्ट पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
यह है मामला
डबरा टेकनपुर निवासी गांधी कुशवाह ने शिकायत की थी कि वह एक समारोह में शामिल होने के लिये ग्वालियर आया था। उसे रास्ते में नीतेश और नवीन ने घेरकर गोली मारी थी, किस्मत से गोली लगने के बाद वह बच गया था। पर इस मामले में पुलिस ने वर्ष 2019 में एफआईआर दर्ज कर पड़ताल की तो दोनों आरोपी फरार हो गये थे और उसके बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। वहीं, इस मामले की जांच की तो पता चला कि जिस गांधी कुशवाह को नवीन व नीतेश ने गोली मारी थी, उस पर उनके पिता की हत्या का आरोप है। अभी फरियादी गांधी कुशवाह उनके पिता की हत्या के मामले में जेल में सजा काट रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *