नकली नोट कांड के मास्टरमाइंड को पुलिस ने तेलंगाना से पकड़ा
ग्वालियर. नकली नोट कांड के मास्टरमाइंट रूसी करकुल्ला को पुरानी छावनी थाना पुलिस तेलंगाना से शुक्रवार को पकड़ लाई है। आरोपित ने ही रोहन हुतिया को नकली नोट चलाने के लिए दिए थे, करकुल्ला रोहन की बहन का मित्र है और मुंबई में रोहन की मुलाकात इससे हुई थी। पुलिस नकली नोट कांड के सरगना को पकड़कर तो ले आई है लेकिन आरोपित काफी शातिर है। अंग्रेजी व हिंदी में पूछे जा रहे किसी सवाल का जवा वह नहीं दे रहा है। इशारे में बता रहा है कि उसे दोनों ही भाषा नहीं आती है, जबकि आरोपित का मुंबई में आना-जाना है। इससे साफ है कि वह थोड़ी बहुत हिंदी भी जानता है।
पुरानी छावनी थाना पुलिस ने बदनापुरा निवासी रोहन हुतिया को 200-200 व 100-100 के नकली नोटों के साथ पकड़ा था। आरोपित ने पूछताछ में पहले बताया कि एक ट्रक ड्राइवर उसे यह नोट थमा गया था। रिमांड पर लेकर की गई पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे यह नोट चलाने के लिए उसकी बहन के दोस्त ने दिए थे।
आरोपित की दो बहनें मुंबई में रहती है वह भी मुंबई में रहता था लेकिन पिता की मौत के बाद वह बदनापुरा आ गया। आरोपित को साथ लेकर पुलिस तेलंगाना पहुंची जहां से रूसी करकुल्ला को पकड़ लाई। मास्टरमाइंड के पकड़े जाने के बाद नकली नोट से जुड़े कई राज खुल सकते है। पुलिस नोट छापने के कारखाने तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस पता लगा रही है कि आरोपित नोट छापने की डाई व कागज कहां से लाता है। पुलिस आरोपित से पूछताछ के लिए द्विभाषिया की तलाश कर रही है।
