ईडी ने दिल्ली में अवैध धर्मांतरण मामले में कई जगह छापेमारी की, ईडी विदेशी फंडिंग की परत खोलने में जुटी
नई दिल्ली. अवैध धर्मांतरण मामले की जांच में अब प्रवर्तन निदेशालय की टीम भी शामिल हो गई है। ईडी ने शनिवार को दिल्ली के बाटला हाउस में छापा मारा। टीम ने वहां पर धर्मांतरण के आरोपी मोहम्मद उमर गौतम के ठिकाने खंगाले। जानकारी के अनुसार ईडी ने जामिया नगर के जोगाबाई एक्सटेंशन में भी रेड की है। वहां पर इस्लामिक दावाह सेंटर का कार्यालय है। इसी संस्था के बैंक खातों में विभिन्न माध्यमों से भी भारी मात्रा में रकम जमा कराई जाती रही है। इस काम के लिए विदेशों से भी भारी फंडिंग आ रही है जिसका इस्मेमाल धर्मांतरण के लिए किया जा रहा है।
मुस्लिम विधायक अमानतुल्लाह को पुलिस ने अंदर नहीं जाने दिया
धर्मांतरण के मुख्य आरोपी मोहम्मद उमर गौतम के बहुत सारे सहयोगी है और उन्हीं में से एक मुफ्ती काजी जहांगीर आलम कासमी जामिया नगर में रहता है। ईडी ने उसके घर पर भी सर्च की है। ईडी की मदद के लिए दिल्ली पुलिस के जवान भी मौके पर पहुंचे। इसी बीच सूचना मिलने पर ओखला से आप के विधायक अमानतुल्ला खान भी छापे की जगह पर पहुंचे लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया।
कानपुर में भी अवैध धर्मांतरण का मामला
दिल्ली में ईडी की छापेमारी के बीच यूपी के कानपुर से अवैध धर्मांतरण की बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। आरोप है कि कानपुर के मुस्लिम बाहुल्य एरिया में रहने वाले एक हिंदू परिवार पर आसपास के लोग धर्म परिवर्तन करने और बच्ची को स्कूल के बजाय मदरसे में पढ़वाने के लिए दबाव बना रहे है।
56 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
पीडि़त परिवार न्याय की गुहार लेकर डीसीपी दक्षिण के कार्यालय में पहुंचा। परिवार ने आरोप लगाया कि कट्टरपंथियों ने धमकी दी है कि अगर उन्होंन मजहब नहीं बदला तो उन्हें घर छोड़ना होगा। पीडि़त परिवार की शिकायत सुनने के बाद डीसीपी दक्षिण ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया जिसके बाद नौबस्ता थाना पुलिस ने 56 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
