ग्वालियर जेल में छेड़छाड़, जेलर के बेटे-दामाद ने महिला प्रहरी को डण्डों से पीटा, महिला बोली दोनों ने मेरे सीने पर रखा हाथ और कमर को पकड़ा
ग्वालियर. केन्द्रीय जेल के जेलर के दामाद पर डॉग क्या भौंका पूरी जेल लाइन में हंगामा खड़ा हो गया। जेलर के बेटे और दामाद ने डॉग की मालिक महिला जेल के प्रहरी को डण्डों से पीटा। महिला जेल प्रहरी का आरोप है कि जेलर के बेटे दामाद ने उनके सीने पर हाथ रखा और कमर को पकड़कर छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं विरोध करने पर जेलर की पत्नी और बेटी ने उसे डण्डासें से पीटा। घटना केन्द्रीय जेल स्थित शासकीय आवास में 16 जून की रात 10 बजे की है। महिला ने उसी वक्त बहोड़ापुर थाने में शिकायत की। पुलिस ने जब कोई सुनवाई नहीं की तो पीडि़त जेल प्रहरी ने पुलिस कप्तान से गुहार लगाई और इसके बाद पुलिस ने बहोड़ापुर थाने में रविवार की दोपहर को जेलर के परिवार पर एफआईआर दर्ज की है।
क्या है मामला
सेन्ट्रल जेल ग्वालियर स्थित न्यू जेल लाइन में महिला जेल प्रहरी रहती है। सामने ही जेलर महेश टिकारिया का आवास है। महिला जेल प्रहरी 35 वर्षीय रानी (बदला हुआ नाम) ने बताया कि जेलर महेश टिकारिया का दामाद वहां से गुजर रहा था। मेरा डॉग निक्की उस पर भौंकने लगा। उस समय तो वह वहां से चला गया। मैं भी अंदर चली गई। पर कुछ देर बाद जेलर का बेटा चिंटू टिकारिया, दामाद, बेटी कंचन उर्फ रबीना, जेलर की पत्नी मीना टिकारिया आए। डॉग के रोने की आवाज आने पर मैं बाहर आई। देखा चिंटू और उसका जीजा डॉग को मार रहे थे। बचाने का प्रयास किया तो दोनों ने पहले मेरे सीने पर हाथ मारा। इसके बाद छेड़छाड़ के उद्देश्य से मेरी कमर पकड़ ली। मुझे कमर से पकड़कर बाहर घसीटकर लाए। विरोध करने पर जेलर की बेटी और पत्नी ने मुझे डंडों से पीटा। इसके बाद वह वहां से धमकाते हुए भाग गए।
