भोपाल में गांधी/गोडसे वेबसीरीज की शूटिंग रोकी
भोपाल. भोपाल में संडे लॉकडाउन होने के बाद भी वेबसीरीज की शूटिंग कर रहे क्रू पर पुलिस का डंड़ा चल गया। शूटिंग के लिए प्रशासन की अनुमति भी नहीं ली गई थी। शूटिंग देखने के लिए चिनार पार्क में कई लोग जमा हो गए थे इसकी जानकारी मिलने पर एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शूटिंग को बंद कराते हुए लोगों को पार्क से खदेड़ दिया जबकि डायरेक्टर राजकुमार संतोषी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। डायरेक्टर के खिलाफ लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन की धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।
क्या था मामला
ऐसा बताया जाता है कि चिनार पार्क में गांधी/गोडसे वेबसीरीज की शूटिंग चल रही थी इसके प्रोड्यूसर और डायरेक्टर राजकुमार संतोषी हैं। रविवार को शूटिंग के दौरान वह तो नहीं आए थे लेकिन उनकी टीम शूटिंग करवा रही थी। एमपी नगर टीआई सुधीर अरजरिया ने बताया कि चिनार पार्क में दोपहर में काफी लोगों के जमा होने की जानकारी मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक वेबसीरीज की शूटिंग चल रही थी। पुलिस ने तत्काल लोगों को वहां से खदेड़कर बाहर कर दिया इसके बाद शूटिंग करने वालों को पुलिस थाने लाया गया और उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
टीआई के अनुसार भोपाल में जो टीम मुंबई से आई है उसने स्थानीय वैभव सक्सेना नाम के शख्स के माध्यम से एसडीएम कार्यालय में अनुमति के लिए आवेदन दिया था लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिली है इसके बावजूद लॉकडाउन के दौरान भीड़ जुटाना और बिना पुलिस प्रशासन की अनुमति के शूटिंग की जा रही थी इस कारण वैभव सक्सेना के खिलाफ भी केस दर्ज किया जाएगा।
यह लोग भी जांच के दायरे में
शूटिंग के लिए पुलिस प्रशासन की भी अनुमति की जरूरत होती है। ऐसे में यह भी जांच की जा रही है कि इतने सारे लोगों को शूटिंग और एक जगह एकत्र होने की अनुमति कहां से मिली या फिर बिना अनुमति के ही शूटिंग चल रही थी।

