Latestराजनीतिराज्य

सिंधिया भोपाल में, निगम-मंडलों में समर्थक नेताओं को एडजस्ट कराने की कोशिश

भोपाल. प्रदेश भाजपा में चल रही सरगर्मियों के बीच राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया आज से तीन दिन के मध्य प्रदेश प्रवास पर हैं। सिंधिया कुछ देर पहले ही भोपाल पहुंचे। वे एयर पोर्ट से सीधे प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के घर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में मुलाकात की। लंच भी किया। इससे पहले सिंधिया ने अपने प्रवास को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा मेरा घर है, इसलिए मैं सबसे मिलने आया हूं। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मिलने सीएम हाउस पहुंचे। यहां एक घंटे तक मुलाकात की। सिंधिया ने कहा- सीएम के साथ कोरोना नियंत्रण और संभावित तीसरी लहर को देखते हुए वैक्सीनेशन और संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

निगम-मंडल में नियुक्तियों के लेकर कहा कि हमेशा पद के साथ राजनीति को नहीं जोड़ना चाहिए। कांग्रेस के बयानों पर सिंधिया ने कहा कि मुझे बीजेपी और प्रदेश की जनता से मतलब है। कांग्रेस क्या कर रही है, क्या बोल रही है? मैं इस बारे में नहीं सोचता। उन्होंने कहा कि बीजेपी में कोई मतभेद नहीं है। यह अनुशासित पार्टी है। इसी आधार पर चलती रहेगी। केंद्रीय मंत्री बनने के सवाल पर बोले कि मुझे जनसेवा से मतलब है।

सिंधिया की मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा,सह संगठन मंत्री हितानंद शर्मा मौजूद थे। नगरीय विकास व आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह बैठक के बीच में पहुंचे। सीएम हाउस में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री इमरती देवी सहित कई सिंधिया समर्थक पहुंचे थे।

इससे पहले सिंधिया नेतृत्व परिवर्तन और राजनीतिक बदलाव से इनकार करते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे सवाल उठाती है। यह उनका असली चेहरा है। कांग्रेस ने वैक्सीन को लेकर भी सवाल उठाए थे, लेकिन जनता ने जवाब दे दिया।

राजनीतिक चश्मे से नहीं देखें इस मुलाकात को: सिंधिया
इससे पहले सिंधिया ने कहा कि सामान्य मुलाकात है। इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए। मैं और वीडी शर्मा एक ही पृष्ठभूमि से हैं। हमारे निजी संबंध हैं। मेल मुलाकात से आपसी रिश्ते मजबूत होते हैं। जितिन प्रसाद के बीजेपी में शामिल होने पर सिंधिया ने कहा कि वे मेरे भाई हैं। जिस राजनीतिक दल ने देश के विकास में नई इबारत लिखी है, उस बीजेपी में उनका स्वागत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *