3 महीने से चल रही थी अवैध शराब फैक्ट्री, टीआई लाइन अटैच, 2 एएसआई, 1 हवलदार व 2 आरक्षक सस्पेंड
ग्वालियर. डबरा देहात के चीनोर रोड पर पकड़ी गई अवैध शराब फैक्ट्री की आग की आंच में टीआई, दो एएसआई, एक हवलदार सहित 6 पुलिसकर्मी झुलस गए है। तीन महीने से फैक्ट्री चलने का पता लगा था। इस पर एसपी ग्वालियर का मानना है कि थाना प्रभारी और स्टाफ को कैसे पता नहीं चला। शुक्रवार को पुलिस कप्तान ने टीआई डबरा देहात थाना केडी सिंह को लाइन अटैच कर दिया है जबकि दो एएसआई, एक हवलदार व 2 आरक्षक को सस्पेंड किया गया है।
गुरूवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डबरा देहात थाना के चीनोर रोड महाकाल वेयरहाउस के पीछे अवैध शराब फैक्ट्री चल रही है। इस पर पुलिस कप्तान ने डबरा सिटी थाना को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था। जब पुलिस टीम ने छापा मारा तो वहां सरदारों के डेरा पर 388 देशी शराब की पेटी, 10 हजार खाली क्वाटर, पैकिंग मशीन, ढक्कन, होलोग्राम सीट, ड्रम व टंकियां बरामद हुई थी। स्पॉट से गुरप्रीत सिंह उर्फ नीटू पकड़ा गया था। पूछताछ में उससे खुलासा हुआ था कि तीन महीने से अवैध शराब की फैक्ट्री वहां चल रही थी।
इस पर पुलिस कप्तान अमित सांघी काफी नाराज हुए थे क्योंकि यह पूरा क्षेत्र डबरा देहात थाना का था। तीन महीने से यहां अवैध शराब फैक्ट्री चल रही थी और थाना प्रभारी या अन्य बीट प्रभारी को पता ही न हो यह नहीं हो सकता। इस पर एसपी ने पाया कि डबरा देहात थाना में 23 जनवरी से टीआई केडी सिंह कुशवाह पदस्थ है। इसके बाद भी फैक्ट्री चल रही थी यह उनकी लापरवाही है इसलिए शुक्रवार रात को टीआई केडी सिंह को लाइन अटैच करने के आदेश जारी किए गए इसके साथ ही बीट प्रभारी एएसआई रामसिंह गौर, कार्यवाहक एएसआई शिवबहादुर सिंह, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रूपकिशोर, आरक्षक प्रदीप और प्रवीण को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश जारी किए है।

