सीबीएसई की 12वीं बोर्ड की परीक्षा रद्द
नई दिल्ली. सीबीएसई छात्रों के लिए बड़ी खबर, कोरोना के चलते 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं रद्द कर दी गई है। इस वर्ष कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। सीबीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ये फैसला लिया गया। सरकार के इस फैसले से सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा देने जा रहे करीब 12 लाख छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी।
परीक्षा दे सकते हैं छात्र
सीबीएसई का कहना है कि पिछले साल की तरह यदि कुछ छात्र परीक्षा देने की इच्छा रखते है तो स्थिति अनुकूल होने पर सीबीएसई उन्हें ऐसा विकल्प प्रदान करेगी।
पीएम मोदी की बैठक मे लिया गया फैसला
पीएम मोदी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में सीबीएसई के चेयरमैन के अलावा गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर समेत कई बड़े मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय के आला अधिकारी मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने कहा छात्रों के हित में यह फैसला
पीएम मोदी ने कहा कि सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा रद्द करने का निर्णय छात्रों के हित में लिया गया है, उन्होंने आगे कहा कि सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वाधिक महत्वपूर्ण है और उस संबंध में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारत सरकार ने 12वीं कक्षा की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा रद्द करने का फैसला किया है। व्यापक विचार-विमर्श के बाद हमने यह निर्णय लिया है जो छात्रों के लिए भी अनुकूल है और ये फैसला हमारे युवाओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ भविष्य की रक्षा करेगा।
