अनलॉक हुआ बाजार, सुबह से दुकानों पर रही भीड़, शराब दुकानों को खुली छूट, बांए तरफ के दुकानदार शटर बंद कर बेचते रहे सामान

ग्वालियर. 47 दिन बाद मंगलवार 1 जून से अनलॉक हुआ है, सैलून ब्यूटी पार्लर, ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रीकल्स, एसी, ऑटो मैकेनिक से लेकर मिठाइयों तक की दुकानें खुली। ग्वालियर के सदर बाजार मुरार, हजीरा व लश्कर के बाजार में जब मंगलवार सुबह पहुंचे तो यहां दाएं ओर का मार्केट खुला नजर आया। हर दुकान पर भीड़ थी जबकि बाएं ओर की दुकानों के शटर तो डाउन थे पर दुकानदार चोरी छुपे सामान बेचते नजर आए।
बजार में सुबह 6 से शाम 5 बजे तक खुलने है, मंदिर भी अभी बंद है लेकिन मधुशाला मतलब शराब दुकानों को अलग ही छूट दी गई है। न तो इनको दाएं व बाएं दिशा में बांधा गया है न ही समय सीमा। बाजार शाम को बंद होंगे पर शराब दुकानें रात 10 बजे तक खुलेंगी। इसी बात को लेकर व्यापारियों व आम लोगों में आक्रोश है।
सुबह से बाजारों में भीड़ रही
अनलॉक होने के साथ मंगलवार की सुबह से ही बाजार खुलने शुरू हो गए। व्यापारियों को कोई उलझन न हो इसके लिए रात को ही संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, सीएसपी व अन्य पुलिस अफसरों ने व्यापारियों के साथ बैठक कर समझा दिया कि मंगलवार को किस ओर की दुकानें खुलनी है। कुछ व्यापारियों ने इस तरह बाजार खोलने पर नाराजगी भी जताई लेकिन अफसरों ने उनको समझाया कि यह कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। संक्रमण को रोकने के लिए अस्थायी व्यवस्था है जिसका कुछ दिन पालन करना है साथ ही रात से व्यापारियों ने दुकानों के सामने गोले बनाए। मंगलवार की दोपहर जब प्रशासन की टीम बाजार में घूम रही थी तो एक दुकान का कर्मचारी मास्क नहीं पहनने पर बहस करता नजर आया जिस पर दुकान मालिक ने अपने ही कर्मचारी को चप्पल से पीटा और दुकान से हटा दिया।
जिला प्रशासन, पुलिस ने बाजारों में चक्कर लगाए
बाजारों में नियमों की अनदेखी न हो इसके लिए लगातार जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें घूमती नजर आईं। बाजार में कई जगह मास्क न पहने होने पर व्यापारियों व कर्मचारियों के चालान किए गए। पुलिस ने दुकानों के बाहर सामान जमाने पर भी फटकार लगाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *