ग्वालियर में सुबह 11 बजे तक जरूरी चीजें व 11 से शाम 5 बजे तक पूरा बाजार खोलने के प्रस्ताव को देर रात शासन ने लौटाया, कहा फिर चर्चा करें
ग्वालियर. कोरोना संक्रमण घटने पर 1 जून से होने वाले अनलॉक में ग्वालियर के आपदा प्रबंधन समूह के प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति नहीं मिली है। रविवार की शाम को जिला प्रशासन के साथ कोविड जिला प्रभारी मंत्री प्रद्युम्नसिंह और सांसद की उपस्थिति में समिति ने आवश्यक वस्तुओं की दुकानें सुबह 11 से शाम 5 बजे तक पूरा बाजार खोलने पर सहमति दी थी। यह प्रस्ताव शासन को रात को भेजा गया जिस पर स्वीकृति नहीं मिली। अब सोमवार को आपदा प्रबंधन समूह से दोबारा चर्चा के बाद शासन ने अवगम कराया जाएगा इसके बाद निर्णय होगा। स्वीकृति न होने के पीछे यह बताया गया है कि ग्वालियर में बाजारों को पूरा खोलने पर शासन राजी नहीं है इसी कारण स्वीकृति नहीं दी।
दोबारा चर्चा करेंगे- कलेक्टर
कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह अब सोमवार को ऑनलाइन या ऑफलाइन आपदा प्रबंधन समूह के सदस्यों से दोबारा चर्चा करेंगे। इसमें बाजार का समय घटाया व कुछ सेक्टरों को सीमित किया जा सकता है इसके बाद जो सहमति आपदा प्रबंधन समूह के साथ बनेगी उसका फिर प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा और फिर निर्णय होगा।
आज होगी आदेश- रिंकेश वैश्य, एडीएम
आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में जो सहमति बनी थी उसपर फिलहाल शासन से स्वीकृति नहीं आई है। आज दोबारा चर्चा के बाद शासन से स्वीकृति ली जाएगी।
