महाराष्ट्र में 15 दिनों के लिए लॉकडाउन बढ़ाया गया
मुंबई. महाराष्ट्र में लॉकडाउन 1 जून को खत्म हो रहा था लेकिन एक बार फिर 15 दिनों के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि अगले 15 दिनों तक लॉकडाउन जारी रहेगा। इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिया गया है। गुरूवार को कैबिनेट की बैठक में कोरोना की स्थिति के संबंध में सीएम उद्धव ठाकरे ने मंत्रियों के साथ चर्चा की और जानकारी दी की बैठक में लॉकडाउन जारी रखने का फैसला लिया गया है।
टास्क फोर्स गठित
सीएम ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र देश का पहला राज्य है जिसके पास विशेषज्ञ डॉक्टरों का टास्क फोर्स है और सभी जिलों में स्थानीय विशेषज्ञ डॉक्टरों की टास्क फोर्स का गठन किया गया है। बच्चों के लिए बाल रोग विशेषज्ञों की टास्क फोर्स अलग से गठित की गई है और सभी प्राइवेट डॉक्टरों को शामिल कर दायरा बढ़ाने के लिए ऑनलाइन ओपीडी का आयोजन कर इलाज के तौर-तरीकों में एकरूपता सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।
