ग्वालियर के मोतीमहल में आग लगने से महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलकर खाक
ग्वालियर. ग्वालियर के ऐतिहासिक मोतीमहल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अचानक से मोतीमहल के संभागीय पेंशन शाखा के दफ्तर में आग लग गई। आग लगने से महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलकर खाक हो गए है। घटना देर रात की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि संभागीय पेंशन शाखा के कार्यालय में देर रात आग लगा गई और लोगों ने जैसे ही कार्यालय में आग लगी देखी तो तत्काल मामले की सूचना फायर ब्रिगेड को दी जहां फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
आग लगने से किसी प्रकार की कोई जनहानि तो नहीं हुई लेकिन आगजनी कि इस घटना से संभागीय पेंशन शाखा में रखा महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलकर खाक हो गया। पुलिस का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है लेकिन आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा। इस घटना से कार्यालय की देखरेख की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे है।
बता दें कि शहर के बीचों बीच स्थित है भव्य मोतीमहल, जहां मध्य भारत की राजधानी में लगने वाली विधानसभा यही से चलती थी। मोतीमहल के बीच एक दरबार हॉल है जहां विधानसभा लगती थी। पूरे महल में बेहतरीन नक्काशी की गई है। इसकी दीवारें अपनी कहानी खुद बयां करती है और इस परिसर में 3 हजार से अधिक कमरे है। इस महल का निर्माण पूना के पेशवा पैलेस की तर्ज पर 1825 में कराया गया था। इसमें आज भी नक्काशी पर सोने की परत चढ़ी हुई है।
