12वीं की परीक्षा पर फैसला 1 जून को- स्कूल शिक्षामंत्री इंदर सिंह
भोपाल. मध्य प्रदेश में 12वीं की परीक्षा कैसे और कब होंगी इस पर निर्णय 1 जून को होगा, यह बात स्कूल शिक्षा व सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने कही। उन्होंने आगे कहा कि पहले सप्ताह में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए 12वीं की परीक्षा के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। परीक्षार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 12वीं की परीक्षा की तैयारियां पूर्व में ही कर ली गई है, फिलहाल परीक्षा प्रणाली में परिवर्तन प्रस्तावित नहीं है। परिस्थितियां अनुकूल होने पर पुराने पैटर्न से ही एग्जाम होंगे। परमार ने बताया कि केंद्र द्वारा 12वीं की परीक्षा और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाओं के प्रस्तावों पर चर्चा के लिए, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में वर्चुअली बैठक हुई। इसमें शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल (निशंक), महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति जुबीन ईरानी, सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा और अध्यक्ष माध्यमिक शिक्षा मंडल रश्मि अरूण शमी समेत सभी राज्य/संघ राज्य क्षेत्रों के शिक्षा मंत्रियों, शिक्षा सचिवों और राज्य परीक्षा बोर्डों के अध्यक्ष शामिल थे।
राजनाथ सिंह से सीबीएसई की परीक्षा के संबंध में अनुरोध किया कि राज्य की जमीनी हकीकत देखते हुए परीक्षा के संबंध में उचित निर्णय लिया जाए इसके साथ ही 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के शिक्षकों को वैक्सीनेशन में प्राथमिकता देने और विद्यार्थियों के वैक्सीनेशन के लिए त्वरित रणनीति बनाने के संबंध में अनुरोध किया गया।
