एमबीए स्टूडेंट बना चोर, नशे की लत और स्टंट का शौक पूरा करने के लिये करता था बाइक चोरी
ग्वालियर. आधी रात सड़क पर मोटरसाईकिल से स्टंट कर रहे मोटरसाईकिल सवार को पीछा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मोटरसाईकिल चोरी की थी और वाहन के साथ पकड़ा गया लड़का एमबीए स्टूडेंट निकला है। उसे स्टंट करने के लिये नई नई मोटरसाईकिल चाहिये होती थी और नशे की लत को पूरा करने के लिये पैसा। इसलिये वह मोटरसाईकिल चोरी करने लगा। घटना भाऊसाहब पोतनीस एनक्लेब के सामने की है। फिलहाल पुलिस वाहन चोर एमबीए छात्र से पूछताछ कर रही है। उससे एक मोटरसाईकिल बरामद हो गयी हैं।
क्या है पूरा मामला
गोला का मंदिर पुलिस की टीम गुरुवार रात को गश्त पर निकली थी। रात करीब 10 बजे जब टीम भाऊ साहब पोतनीस एनक्लेब के पास पहुंचे तो एक युवक बाइक पर स्टंट करता दिखाई दिया। युवक चोटिल ना हो जाएए इसलिए उसे समझाने के लिए उसके पास पहुंचे तो युवक ने अपनी बाइक की स्पीड बढा दी। युवक के भागने से संदेह हुआ। पुलिस ने भी पीछा किया तो युवक इंद्रमणी नगर की तरफ बाइक को दौड़ा ले गया। पुलिस ने करीब आधा किलोमीटर पीछा करने के बाद बाइक सवार को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना परिचय अजीत सिंह निवासी भाऊसाहब पोतनीस एनक्लेब बताया। पुलिस ने भागने का कारण पूछा तो उसने पुलिस से डरने की वजह बताई। पुलिस ने जब बाइक के दस्तावेज मांगे तो वह घबरा गया और थाने ले जाकर पूछताछ की तो पता चला कि वह बाइक चोर है और बाइक चोरी की है। इसका पता चलते ही पुलिस ने उसे निगरानी में लेकर बाइक की पड़ताल की तो पता चला कि बरामद बाइक 3 दिन पहले मुरार थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। पुलिस ने आगे की पड़ताल के लिए चोर तथा बाइक को मुरार पुलिस को सौंप दिया है।
नशे की लत और स्टंट के शौक के लिये बना चोर
पुलिस को पूछताछ में बताया कि युवक काफी इंटेलीजेंट है और अभी एमबीए फर्स्ट ईयर में है। वह स्मैक के नशे का आदी है और दूसरा उसे मोटरसाईकिल से स्टंट करने का बहुत जुनून है। लत पूरी करने के लिये ही मोटरसाईकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देता है।
कई चोरी गयी मोटरसाईकिल हो सकता है खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गये चोर से शहर में हुई अन्य मोटरसाईकिल की चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। क्योंकि पता चला है कि वह लम्बे समय से नशा कर रहा है।
