ग्वालियर में युवाओं ने स्लॉट बुक किए तो स्वास्थ्य विभाग ने बदला केंद्र, युवा हुए परेशान
ग्वालियर. 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग को कोरोना की वैक्सीन लगवाना किसी जंग लड़ने से कम नहीं है। पहले तो वैक्सीनेशन के लिए स्लॉट बुक करना ही मुश्किल भरा है, यदि स्लॉट बुक भी हो जाए तो पता चलता है कि स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र ही नहीं बनाया या फिर बदल दिया। बुधवार को आर्मी पब्लिक स्कूल में टीकाकरण 18 से 44 आयु वर्ग के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक दिन पहले घोषित किया था। सूची में इस स्कूल का नाम भी जारी हुआ और मंगलवार की रात 10.30 बजे स्लॉट भी खुला और 100 युवाओं ने अपना स्लॉट भी बुक कराया और बुधवार की सुबह अपने निर्धारित समय पर टीका लगवाने आर्मी पब्लिक स्कूल भी पहुंचे वहां पता चला कि टीकाकरण केंद्र नहीं बना है।
युवाओं की मुसीबत उस समय बढ़ गई जब कोई यह बताने वाला नहीं था कि केंद्र क्यों नहीं बना और इसकी पहले से सूचना क्यों नहीं दी गई है। इधर स्वास्थ्य अधिकारी फोन भी नहीं उठा रहे थे इस कारण आर्मी पब्लिक स्कूल से युवा हताश होकर जिला अस्पताल पहुंचे वहां पर स्लॉट में नाम न होने से उनका टीकाकरण नहीं हो सका और जिन लोगों को किसी तरह यह पता चल गया कि स्वास्थ्य विभाग ने आर्मी पब्लिक स्कूल वाला केंद्र बदलकर सीएमएचओ कार्यालय मोतीमहल में बना दिया है उन लोगों ने तो टीका लगवा लिया लेकिन जिनको जानकारी नहीं मिली वह टीके से वंचित रह गए।
