बिहार-उप्र सहित कई राज्यों के लिए 40 ट्रेनें शुरू, 10 मई से होगी टिकटों की बुकिंग
नई दिल्ली. देश में कोरोना की दूसरी लहर की वजह से एक तरफ कई जोन में ट्रेनों को रद्द किया जा रहा है तो दूसरी तरफ वेस्टर्न रेलवे ने बिहार-उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए 40 स्पेशल ट्रेनें शुरू करने का फैसला किया है। इसकी वजह ये है कि मुंबई से बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों पलायन हो रहा है। इसे देखते ही रेलवे ने बिहार, उत्तर प्रदेश से आने-जाने के लिए कई स्पेशल ट्रेनों की शुरूआत की है इसके अलावा कई ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए है। वेस्टर्न रेलवे ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
वेस्टर्न रेलवे ने 20 जोड़ी यानी 40 ट्रेनों के फेरे बढ़ाए जाने की सूचना दी है। इनमें से मुंबई सेंट्रल से मंडुआडीह, समस्तीपुर और भागलपुर के लिए अप-डाउन, बांद्रा टर्मिनल से बरौनी, गोरखपुर, मऊ, गाजीपुर और दानापुर के लिए चलने वाली अप-डाउन ट्रेनें शामिल है। ये ट्रेनें 14 मई से 26 मई के बीच चलेंगी और इनके लिए टिकटों की बुकिंग 10 मई से शुरू होगी। ये टिकट आप आईआरसीटीसी की वेबसाइट या रिजर्वेशन काउंटर से ले सकते है। इसके अलावा अहमदाबाद से मुजफ्फरपुर के लिए 10 मई को एक ट्रेन चलेगी जो अगले दिन मुजफ्फरपुर से वापस अहमदाबाद आएगी।
वहीं उत्तर रेलवे ने 9 मई से अगले आदेश तक 28 जोड़ी ट्रेनों को कैंसिल करने का फैसला किया है। उत्तरी रेलवे की तरफ से जारी आदेश में बताया गया है कि कम यात्रियों और कोरोना के मामलों में लगातार हो रही तेजी की वजह से इन ट्रेनों के संचालन अगले आदेश तक के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है।
