ग्वालियर में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों से कड़ी पूछताछ, कई स्थानों पर कारोबारियों पर कार्रवाई कर दुकानें बंद कराई
ग्वालियर. कोरोना के बढ़ते मामलों पर रोक लगाने के लिए शहर के बॉर्डर से लेकर गलियों तक पुलिस सख्त है। पुलिस ने रविवार सुबह बाहर के शहरों से आने वाले वाहन चालकों से कड़ी पूछताछ की। वहीं संदेह होने पर कई वाहनों को भी रोक लिया गया। कहीं पर लापरवाह लोगों के उठक बैठक कर कोरोना से बचाने का प्रयास किया जा रहा है कहीं पर अकारण घूमने वालों के ताबड़तोड़ चालान काटे जा रहे है। पुलिस की तमाम सख्ती के बाद भी लोग लापरवाही दिखाने से बाज नहीं आ रहे है। शादियों के चलते बाजारों में शटर बंद कर कारोबार भी जारी है। गत दिवस छापामार कार्रवाई कर पुलिस ने कई स्थानों पर चल रहे कारोबारियों पर कार्रवाई कर दुकानें बंद कराई।
कोरोना के बढ़ते मामले और लोगों द्वारा बरती जा रही लापरवाही को लेकर पुलिस ने शहर के करीब एक दर्ज रास्तों पर आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। कई स्थानों पर लोगों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स देर रात हटाकर आवागमन शुरू कर दिया। सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने इन बैरिकेड्स को दोबारा से लगाया। बाजार बंद होने के बाद भी लोग अकारण घूमकर कोरोना को निमंत्रित कर रहे है।
बता दें कि अकारण घूम रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने रविवार सुबह से ही चेकिंग अभियान शुरू किया। पुलिस ने महाराज बाड़ा, इंदरगंज चौराहा, गोला का मंदिर चौराहा, ठाटीपुर चौराहा, सात नंबर चौराहा, बारादरी चौराहा, उपनगर ग्वालियर चौराहा पर बैरिकेड्स लगाकर सड़क पर घूम रहे लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए लोगों ने तमाम तरीके के बहाने बनाए इसके बाद भी पुलिस ने लापरवाह लोगों को नहीं बख्शा। पुलिस ने इन लोगों के चालान काटकर कार्रवाई की।
