गुड़ा गुड़ी नाका स्थित वैष्णवी अस्पताल से मरीज को जबरन डिस्चार्ज किया, सुपर स्पेशियलिटी पहुंचते ही मौत
ग्वालियर. बिना सुविधा और डॉक्टर के कोविड केयर सेंटर बन बैठे निजी अस्पतालों की लापरवाही फिर एक मरीज की जान ले गई। शहर के गुड़ा गुड़ी नाका स्थित वैष्णवी अस्पताल में कोेरोना संक्रमित मरीज भूपेंद्र कुशवाह की तडप-तड़प कर मौत हो गई। 3 दिन से भूपेंद्र यहां भर्ती था और हालत बिगड़ी और ऑक्सीजन लेवल गिरा तो स्वजन से डिस्चार्ज करने की कह दी। स्वजन कहां ले जाते तो भूपेंद्र के साथियों ने प्रशासन को सूचना दी। जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार शिवानी पांडेय ने अस्पताल संचालक रविंद्र कुशवाह को चेताया कि दूसरी जगह व्यवस्था न होने तक डिस्चार्ज न किया जाए। अस्पताल संचालक नहीं माना और डिस्चार्ज कर दिया इसके बाद सुपर स्पेशियलिटी पहुंचते ही भूपेंद्र ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार भूपेंद्र कुश्वाह उम्र 39 साल छतरपुर में इंश्योरेंस सेक्टर में एक कंपनी में काम करते थे और यहां गुड़ा गुड़ी का नाका पर उनका घर है। 3 दिन पहले कोरोना के लक्षण आने पर टेस्ट कराया और स्वजन ने वैष्णवी अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां तीन दिन तक इलाज चला और गुरूवार को अस्पताल संचालक रविंद्र कुश्वाह ने दूसरी जगह ले जाने को कहा। स्वजनों ने जब जानकारी मांगी तो बताया कि ऑक्सीजन लेवल 60 से नीचे चला गया है और वेंटिलेटर की जरूरत है। अस्पताल में एक भी वेंटिलेटर नहीं थी। अस्पताल प्रबंधन ने ऑक्सीजन खत्म होने की आशंका भी बताई तो स्वजन घबरा गए। यहां भूपेंद्र के दोस्तों ने जिला प्रशासन से शिकायत की तो अस्पताल को चेतावनी मिली कि डिस्चार्ज न किया जाए। जेएएच के सुपर स्पेशियलिटी में पहुंचते ही भूपेंद्र की मौत हो गई जबकि वेंटिलेटर का इंतजाम हो गया था।
