स्वास्थ्य संगठनों की चेतावनी, अगर कलेक्टर को नहीं हटाया तो देंगे सामूहिक इस्तीफा
इंदौर. जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूर्णिमा गाडरिया के इस्तीफे का मामला गरमा गया है और उनके समर्थन में डॉक्टर बिरादरी भी उतर गई है। गुरूवार को स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर कर्मचारियों ने संभागायुक्त से मिले और अपनी पीड़ा सुनाई। उनका कहना था कि कलेक्टर मनीष सिंह लंबी-लंबी बैठकें लेकर हमें सार्वजनिक तौर पर प्रताडि़त करते है। फील्ड में जाने के बजाए हमारा समय बैठकों में ही गुजर जाता है। हमें बेइज्जत होना अब सहन नहीं हो रहा है यदि शुक्रवार तक कलेक्टर को सरकार ने नहीं हटाया तो जिले के स्वास्थ्यकर्मी सार्वजनिक इस्तीफे देंगे। उधर स्वास्थ्यकर्मियों के लामबंद होने के बाद शहर मंत्री तुलसी सिलावट व आला अधिकारी आंदोलन का मन बना चुके डॉक्टरों को मनाने की कोशिश में जुटे रहे लेकिन सफलता नहीं मिली।
शाम को इस्तीफा दे चुकी डॉ. गाडरिया के साथ स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक व अन्य अधिकारी संभागायुक्त कार्यालय पहुंच और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जिसमें कहा गया कि कोरोनाकाल में स्वास्थ्य विभाग का अमला प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन कर रहा है। इसके बावजूद बैठकों में स्वास्थ्य विभाग के प्रथम श्रेणी स्तर के अधिकारियों से कलेक्टर सिंह अंसदीय भाषा का उपयोग कर प्रताडि़त करते है। ऐसी स्थिति में उनके साथ काम करना अब मुश्किल हो गया है और उनके इस तरह के व्यवहार से कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है। यदि मंगलवार की सुबह 8 बजे तक कलेक्टर को नहीं हटाया गया तो अधिकारी-कर्मचारी काम नहीं करेंगे और सामूहिक इस्तीफे देंगे। यदि किसी अफसर पर द्वेषपूर्ण कार्रवाई की गई तो स्वास्थ्यकर्मी आंदोलन करेंगे।
