लॉकडाउन में सड़कों पर छाया सन्नाटा-शहर में पुलिस सुबह से सख्त, गलियों व चौराहों पर रखी नजर, अकारण घूमते वाहन चालकों का चालन काटा

ग्वालियर. कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर बाजारों में प्रशासन ने गुरूवार से और ज्यादा सख्ती की है। पुलिस सुबह से ही शहर की गलियों और चौराहों पर पहुंच गई है। पुलिस को देख भीड़ लगा रहे लोग मौके से खिसक लिए। पुलिस ने अकारण सड़कों पर घूमने वालों की धरपकड़ की वहीं बिना मास्क के महाराज बाड़े से जा रहीं महिलाओं को रोककर पुलिस ने उन्हें मास्क पहनाकर रवाना किया।


बुधवार शाम को जारी आदेश के तहत अब दूध, किराना, अखबार, मेडीसन और गैस सिलेंडर को छोड़कर सभी प्रकार की होम डिलीवरी पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस गुरूवार को चौराहों पर सख्त नजर आई, पुलिस ने चौराहों से गुजरते हर वाहन चालक को रोककर सख्ती से पूछताछ की और सड़क पर निकलने का कारण पूछा। जो वाहन सवार संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका उसके खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की।


शहर में जगह-जगह लगाए बैरिकेड्स
पुलिस ने गुरूवार सुबह ही जगह-जगह बैरिकेड्स लगाकर चेकिंग की। पुलिस ने गांधी रोड, ठाटीपुर, बारादरी, मोती महल, नई सड़क, पाटनकर चौराहा, दाल बाजार, माधौगंज आदि स्थानों पर जगह-जगह बैरिकेड्स लगाकर वाहनों को रोककर पूछताछ की। वहीं पुलिस ने मोती महल की ओर आने वाले वाहनों को रोक दिया। पुलिस ने सुबह से ही 7 बजे से चेकिंग अभियान शुरू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *