एक शहर से दूसरे में आने-जाने पर रोक, विशेष परिस्थिति में ही मिलेगी छुट्टी

भोपाल. कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में संक्रमित हो रहे है। कुछ को अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ा है और कुछ के स्वजन भी संक्रमित हुए है। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षक और सेनानियों को निर्देश दिए है कि एक शहर से दूसरे शहर में आना-जाना करने वालों पर रोक लगाई जाए। विशेष परिस्थिति में ही छुट्टी दी जाए।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आदर्श कटियार ने मैदानी अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है कि यह देखने में आ रहा है कि पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लापरवाही बरत रहे है। कई इकाइयों के प्रभारियों को संक्रमित अधिकारियों और कर्मचारियों की जानकारी नहीं है, जो आपत्तिजनक तो है ही कार्यशैली पर भी सवाल है। यह भी जानकारी मिली है कि कुछ कर्मचारी अपनी पैत्रक इकाई से अलग दूसरे जिलों में इलाज करा रहे है। कर्मचारियों ने भी इसकी जानकारी इकाई को नहीं दी। इससे उन्हें विभाग से मिलने वाली मदद नहीं मिल पाती है जबकि इस काम के लिए सभी इकाइयों ने नोडल अधिकारी नामांकित किए है और ये गंभीरता के साथ अपने दायित्व नहीं निभा रहे है इसकी वजह कई अधिकारी-कर्मचारी गंभीर स्थिति में पहुंच रहे है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभारी अधिकारी प्रतिदिन नोडल अधिकारी के माध्यम से ऐसे अधिकारियों-कर्मचारियों की जानकारी लें जिन्हें संक्रमण के लक्षण है। ऐसे कर्मचारियों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराएं ताकि समय पर सीटी स्कैन हो जाए और ऑक्सीजन मिल जाए। यदि कोई कर्मचारी एक शहर से दूसरे शहर आना-जाना कर रहे है तो उसपर रोक लगाई जाए साथ ही कोरोना संक्रमण की गंभीर परिस्थिति को देखते हुए ही अधिकारियों-कर्मचारियों को अवकाश पर छोडा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *