मप्र के अस्पतालों में लूटमार बर्दाश्त नहीं की जायेगी, शिकायत पर तत्काल कार्यवाही होगी-डॉ. नरोत्तम मिश्रा
भोपाल. मप्र में कोरोना मरीजों से लूटमार की खबरें सामने आने के बाद सरकार की नींद खुली है। खुले में कालाबाजारी और मजबूरी का लाभ उठाने वाले अस्पतालों और मेडीकल संचालकों पर कार्यवाही की जायेगी। यह बात गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को धरना देने के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहीं। उन्होंने कहा है कि पहले ही कह चुका हूं कि इलाज के नाम पर लूटमारी नहीं करने दी जायेगी। हमने पहले भी कहा था अब भी कह रहे हैं। भोपाल में अस्पतालों के खिलाफ कार्यवाही की गयी है। अगर प्रदेश में कहीं भी मरीजों से इस तरह की लूटमारी की जाती है तो वह पास के पुलिस स्टेशन में शिकायत करें।
अस्पताल में इलाज की रेट लिस्ट लगाना होगी
संबंधित के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जायेगी और सभी अस्पतालों को अपने यहां इलाज की रेटलिस्ट लगाना अनिवार्य होगा। उसी के अनुसार फीस ली जायेगी। उससे अधिक कोई नहीं ले सकता है। इसी तरह मेडीकल संचालक अगर तय दर से अधिक कीमत पर दवाई और मेडीकल उपकरण बेचते मिले तो उनके खिलाफ भी कार्यवाही की जायेगी।
