संतोष की गिरफ्तारी से शहर के सटोरियों में मचा हड़कम्प
ग्वालियर. दिल्ली इंटरनेशल एयरपोर्ट से पकड़े गये शहर के मोस्टवाटेंड सटोरिया संतोष घुरैया की गिरफ्तारी के बाद शहर शहर भर के सटोरियों में खलबली मची हुई है। संतोष को हालांकि थाने से जमानत मिलेगी। जबकि पुलिस उसके लोगों से कनेक्शन जानकार उन पर कड़ी कार्यवाही करेगी। ठाठीपुर और क्राइम ब्रांच थाने में पिछले 3 वर्षो से क्रिकेटर के ऑनलाइन सट्टे के अपराध में संतोष घुरैया निवासी मुरार वांटेड था। पुलिस को चकमा देकर वह दुबई और सिंगापुर रह रहा था। हाल ही में कोरोनाकाल में बन्द हुए आईपीएल क्रिकेट में वह जमकर सट्टा चला रहा था। जब इसकी सूचना पर पुलिस उसकी धरपकड़ के लिये लगी हुई थी। इस दौरान उसकी गिरफ्तारी के लिये लुक आउट वारंट जारी किया गया था। ऐसे में कल सुबह उज्बेकिस्तान की फ्लाइट मे जाते समय पकड़ा गया। उसे दिल्ली जाकर ग्वालियर क्राइम ब्रांच की टीम देर रात ले आयी है। अब पुलिस उसके स्थानीय कनेक्शन तलाश रही है। पुलिस को खबर मिली है कि ग्वालियर में लगभग आधा सैकड़ा लोग आईपीएल की सट्टेबाजी चला रहे हैं। पुलिस इनकी सूची बनाकर उनके खिलाफ कार्यवाही करेगी। यह बात भी सामने आई है कि संतोष की गिरफ्तारी के बाद उसके गिरोह और सटोरियों में खलबली मची हुई है। पुलिस से बचने के लिये चार शहर का नाका समेत शहर के तमाम जगहों से सटोरिये अण्डरग्राउण्ड हो गये है।
कौन है संतोष घुरैया
संतोष मूलतः ग्वालियर के पारसेन गांव का निवासी है। 10 वर्ष पूर्व तक फटीचर हालत में मुरार के बाजार में घूमता था। झांसी के कुख्यात सटोरिये प्रेम खटीक से जुडा और छोटा मोटा काम करने लगा। इसके बाद प्रेम खटीक का बड़ा नुकसान कर उसकी रकम हड़प कर इस सट्टे की दुनिया का सबसे बड़ा नाम बन गया। मुरार के रहने वाले 3-4 युवकों से आज भी उसकी गहरी दोस्ती है। उन्हें गोवा से लेकर दुबई अपने खर्चे पर ले जाकर जमकर अय्याशी भी कराता है।
यह है शहर के चर्चित सटोरिये
पुलिस के अनुसार यह शहर में संतोष के अलावा मुरार के आकाश और मनीष चर्चा में है। इसके अलावा लश्कर में नाम भी सामने आया है। आईपीएल मैच आते ही उनकी लाइफ स्टाइल में बदलाव आते ही पुलिस की निगाहें इन पर जमीं हैं।
11 हब और 99 हब वेबसाइट से चलाता है सट्टा
संतोष घुरैया सट्टे की लाइन में पुराना नाम नहीं है। ऑनलाईन होते ही उसने मेट्रो की तर्ज पर 11 हब और 99 हब के नाम से वेबसाइट पर आईडी बनाकर खेल शुरू किया। इसके बाद यह सट्टे की दुनिया की सबसे भरोसेमंद वेबसाइट बन गयी। खास बात यह रही कि पेमेंट कितना भी बड़ा हो 24 घंटे के अन्दर कर दिया जाता है। सट्टे की बदनाम दुनिया में संतोष का नाम ईमानदारी से पेमेंट के लिये लिया जाता है।
हमारी निगाह में है
कुछ नाम हमारी जानकारी में आये हैं ठोस जानकारी मिलने पर कार्यवाही की जायेगी। अभी आईपीएल बंद हैं ऑनलाईन समझ रहें हैं।
रत्नेशसिंह तोमर, डीएसपी, क्राइम ब्रांच
