गर्मी का असर-6 बीघा रखा किसान का भूसा जलकर राख
मुरैना. अंबाह- मई का माह शुरू हो गया है। गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिये हैं। किसानों का गेहूं खलिहानों में नहीं पहुंच पाया है। जिनकी फसल पहले कट चुकी है, केवल उन्ही का गेहूं पहुंच सका है। थाना दिमनी के श्यामपुर खुर्द में 6 बीघा में पड़े भूसे के ढेर में अचानक आग लग गयी। आग इतनी भड़क गयी कि किसान घबरा गये और तत्काल ही फायर ब्रिगेड को बुलाया तब कहीं जाकर आग पर काबू पाया जा सका, घटना मंगलवार की बताई गयी है। किसान राजवीर ने बताया कि गेहूं को पहले ही मशीन से निकलवा कर घर ले गये थे। उसे केवल खेत से भूंसा ही उठना था कि अचानक अज्ञात वजहों से आग लग गयी। उसने बताया कि दोपहर को जब अचानक खेत में आग लगी तो वह बुरी तरह से घबरा गया। आस-पास पानी की भी व्यवस्था नहीं थी जिससे आग पर काबू पाया जा सकता। जब उसे कुछ नहीं सूझा तो उसने किसी ने नम्बर लेकर फायर ब्रिगेड को फोन लगा दिया।
एक घंटे देर से पहुंची फायरब्रिगेड
किसान राजबीर ने बताया कि पुलिस व फायर ब्रिगेड को फोन लगाने के बाद लगभग 1 घण्टे तक वह और उसके साथी आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे। फायर ब्रिगेड को वहां पहुंचने में 1 घण्टा लग गया। जब फायर ब्रिगेड ने पानी छिड़का तब कहीं जाकर आग पर काबू पाया जा सका। तब तक काफी देर हो चुकी थी तथा उसका पूरा भूसा जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपए थीए जलकर राख हो गया था।
खेतों में भूसे का संकट
जिस खेत में रखे भूसे में आग लगी थी। उसके आस.पास के खेतों में भी भूसा व अनाज के पूरे रखे हुए थे। जैसे ही आग भड़की सब किसान एकत्रित हो गए। उन्हें इस बात का डर था कि अगर आग भड़क कर उनके खेतों में रखे अनाज के पूरों व भूसे के ढेर तक पहुंच गई तो उनमें भी आग लग जाएगी और तब उसे सम्हालना बहुत मुश्किल हो जाएगा।
