कैलाश विजयवर्गीय को राज्यसभा भेजने से लेकर राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपने की चर्चा
भोपाल. बंगाल में भाजपा भले ही सत्ता तक नहीं पहुंच सकी हो लेकिन सीट और मत प्रतिशत में भारी बढ़ोतरी हुई है और वहां भाजपा की जमीन मजबूत हुई है इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय का भी बड़ा योगदान है हालांकि विधानसभा चुनाव के बाद उनकी नई भूमिका को लेकर बंगाल से लेकर मप्र तक कयास का दौर जारी है और उन्हें राज्यसभा भेजने से लेकर राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपने की चर्चा है।
कैलाश विजयवर्गीय को 2014 में तब प्रभारी बनाकर हरियाणा विधानसभा चुनाव में भेजा गया था जब मप्र में उनकी राजनीतिक पकड़ तेजी से मजबूत हो रही थी। हरियाणा में भाजपा ने 2009 के चार सीटों के आंकड़े से छलांग लगाते हुए 2014 में 44 सीटें हासिल कर सरकार बनाई। इस चुनाव में मत प्रतिशत भी 9 से बढ़कर 33.3 हो गया। इस जीत में शामिल विजयवर्गीय के चुनावी कौशल ने केंद्रीय नेतृत्व का ध्यान खींचा और 2015 में उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाते हुए बंगाल का प्रभारी बनाया गया, तब वहां भाजपा शून्यू पर थी और संगठन भी बेहद कमजोर था। इस चुनौती को विजयवर्गीय ने अवसर माना और संगठन को मजबूत करते हुए भाजपा को जन-जन तक पहुंचाया जिसके चलते 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 42 में से 18 सीटें जीतीं।
